फरीदकोट के मेन बाजार में मंगलवार बाद दोपहर एक दुकान की पहली मंजिल पर सुनार की वर्कशॉप में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में वर्कशॉप में काम करने वाला एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल, फरीदकोट में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार,बाद दोपहर करीब 3 बजे घटना के समय जैसे ही एक कारीगर व्यक्ति वर्कशॉप के अंदर दाखिल हुआ, अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास की कई दुकानों के शीशे टूट गए और वर्कशॉप को भी काफी नुकसान पहुंचा। वर्कशॉप में धमाके व दुकानों के शीशे टूटने की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इस मामले में दुकानदारों के मुताबिक यह धमाका गैस सिलेंडर के कारण हुआ हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि वर्कशॉप में गैस सिलेंडर से लीकेज हो रही थी और जैसे ही कारीगर अंदर पहुंचा, धमाका हो गया। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मामले की गहन जांच कर रही है पुलिस-डीएसपी इस संबंध में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धमाका गैस सिलेंडर के कारण होने की संभावना है, हालांकि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।