उदयपुर में भाजपा नेता प्रो. गौरव वल्लभ ने कहा- अशोक गहलोत की तत्कालीन सरकार में पेपर लीक के केस सबके सामने थे। ये लोग इंतजार शास्त्र की बजाय पांच साल तक बाड़ेबंदी शास्त्र में क्या हुआ, उसका जवाब दें। प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) और भाजपा नेता प्रो. गौरव वल्लभ ने उदयपुर में मीडिया से सोमवार को यह कहा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाजपा राज में चल रहा ‘इंतजार शास्त्र’ के बयान पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने गहलोत के समय को बाड़ेबंदी शास्त्र की उपाधि देते हुए कई सवाल खड़े किए। गहलोत पर इशारा करते हुए उन्होंने कहा- इंतजार शास्त्र का जवाब तो उन लोगों को पूछना ही नहीं चाहिए, जिन्होंने पांच साल तक राजस्थान में बाड़ेबंदी शास्त्र रखा था। पांच साल तक वो इंतजार तो छोड़िए, उनका तो एक ही एजेंडा था कि एमएलए भाग नहीं जाएं। गौरव ने कहा- उस समय कलेक्टर और एसपी ने भी सरकार के इसी एजेंडे पर काम किया। गौरव वल्लभ ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने तीन पाप किए हैं, जिसकी सजा भारत का कानून देगा। कांग्रेस के मंत्रियों-विधायकों ने मचाई थी लूट
प्रो. गौरव वल्लभ ने कहा- इंतजार शास्त्र वाले ये बताएं कि राजस्थान में रिफाइनरी का काम उनके समय क्यों नहीं हुआ, जिसे अब ये सरकार पूरा कर रही है। क्यों उस समय गहलोत सरकार मेट्रो की फाइल लेकर केंद्र के पास गए? क्यों ईआरसीपी का काम आप नहीं करा पाए? वल्लभ ने कहा- इनके मंत्रियों और विधायकों ने तो उस समय जमकर लूट मचाई थी। प्रो. गौरव ने कहा- किसी सोशल मीडिया के कंसल्टेंट को रखने से राजनीति नहीं होती है। कहा- भाजपा सरकार ने पेपर लीक के सिस्टम का किया ध्वस्त
प्रो. गौरव वल्लभ ने कहा- आज राजस्थान सबसे तेजी से बढ़ता राज्य है। यहां लगातार निवेश आ रहा है। पहले का सिस्टम था, जो पेपर देने जाए, वह लीक हो जाता था। उन्होंने कहा- इस सरकार ने उस सिस्टम को ध्वस्त कर दिया है। तब RAS भर्ती में बंदरबांट हुई थी, तब उनके राज में मंत्री के रिश्तेदारों को नौकरी मिली, अब योग्य को नौकरी मिल रही है। अब सुशासन राजस्थान में आया है। ढाई साल में कई भर्ती परीक्षा हुईं, उसमें एक भर्ती पर भी सवाल नहीं उठा। सीएम का एजेंडा है कि योग्य युवा की भर्ती हो और वही राजस्थान में हो रहा है। कहा- पवन खेड़ा ने तीन बड़े पाप किए
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट के आरोप के मामले पर भी गौरव वल्लभ ने कहा। उन्होंने कहा- पवन खेड़ा के बचाव में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रिंयका गांधी, पी. चिदम्बरम, जयराम रमेश आदि क्यों नहीं आ रहे हैं। ये नेता वो दस्तावेज क्यों नहीं पोस्ट कर रहे हैं। पवन खेड़ा ने जो आरोप लगाए तो वह कोर्ट को बताएं, भाग क्यों रहे हैं। उन्होंने कहा- क्या राहुल गांधी ने पवन खेड़ा को पार्टी से निकाल दिया है। गौरव वल्लभ ने कहा- पवन खेड़ा ने तीन बड़े पाप किए हैं। एक गलत, मिथ्या और बेबुनियाद आरोप लगाया। दूसरा पाप- एक चुनावी राज्य में बाधा उत्पन्न करने का काम और तीसरा पाप संविधान को कमूजोर करने का किया। गौरव ने कहा- पवन खेड़ा क्यों भागकर छिप रहे हैं। मैंने उनकी एक फोटो टीवी पर देखी, जिसमें वे कार की सीट के अंदर घुसे हुए थे। अपनी शक्ल तक नहीं दिखा पा रहे हैं। इसका मतलब स्वयं मानते हैं कि उन्होंने पाप किया। प्रो. गौरव ने कहा- तीनों पापों की सजा उनको भारत के कानून से मिलेगी। वे कहीं भी छिपें, लेकिन वे बच नहीं सकेंगे। सवाल यह भी उठता है कि क्या राहुल गांधी इस पाप में भागीदार हैं।
