संगरूर जिले के दिड़बा क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता हासिल की है। पुलिस ने देर रात गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक कार से 10 किलो भुक्की चूरा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस कर्मचारी तरसेम लाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान कौंहरिया रोड दिड़बा पर एक विशेष नाका लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। यह घटना देर रात करीब 01:15 बजे की है। नाके पर सामने से एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस को वाहन संदिग्ध लगा, जिसके बाद कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। पुलिस ने देखा कि कार का आगे वाला शीशा टूटा हुआ था। वाहन चेकिंग के दौरान नशीला पदार्थ बरामद वाहन की गहनता से जांच करने पर पिछली सीट पर रखा एक प्लास्टिक का थैला दिखाई दिया। शक होने पर थैले की तलाशी ली गई, जिसमें से 10 किलो भुक्की चूरा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद कार ड्राइवर को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपनी पहचान सुखजीत सिंह उर्फ सोनी, निवासी संधू पत्ती छाहड़ के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब यह जांच की जा रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। जिले की पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।