कोटपूतली के जयसिंहपुरा सीएचसी में बुधवार को ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान के तहत एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में महिलाओं की एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को हेल्थ संबंधी आवश्यक सलाह दी और निशुल्क दवाएं वितरित की। शिविर का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि आशीष धनखड़ ने किया। बीसीएमओ डॉ. सुनील मीणा ने शिविर का निरीक्षण करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के साथ ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ की शुरुआत की थी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के हेल्थ पर ध्यान केंद्रित करना है। सीएचसी प्रभारी डॉ. कन्हैया लाल यादव ने जानकारी दी कि शिविर में कुल 274 ओपीडी दर्ज की गई। इसमें 14 गर्भवती महिलाओं की जांच, 7 बच्चों का टीकाकरण और किशोर-किशोरियों की हेल्थ संबंधी काउंसलिंग की गई। इसके अतिरिक्त, 57 गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) और 26 टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि 33 लोगों की एनीमिया जांच की गई। शिविर में महिलाओं को हेल्थ जागरूकता की जानकारी दी गई और उन्हें संतुलित आहार व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) व टीबी की स्क्रीनिंग के साथ ही हीमोग्लोबिन स्तर, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच कर हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, एनीमिया और सामान्य कैंसर का पता लगाया गया। जीवनशैली संबंधी रोग, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और टीकाकरण पर भी काउंसलिंग की गई। टीबी मरीजों को पोषण किट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि आशीष धनखड़, सरपंच प्रतिनिधि उमेश यादव, सामाजिक कार्यकर्ता रामनिवास यादव, विकास सिंह, शंकर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। चिकित्सा दल में डॉ. चुन्नी लाल जाट, डॉ. संतोष कुमार स्वामी, डॉ. देवेंद्र कुमार नागर, डॉ. कन्हैया लाल यादव, नर्सिंग अधिकारी अशोक कुमार गुर्जर, कमल कुमार, नीतू सोनी, अनामिका, पूनम राजीव चौधरी, लैब टेक्नीशियन फार्मासिस्ट राकेश कुमार जाट और समस्त सेक्टर की एएनएम व सीएचओ खामोश यादव शामिल थे।
