जालंधर के पटेल चौक पर एक्साइज विभाग ने छापा मारकर अवैध शराब बेचने वाले युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांधी कैंप निवासी ईशाद के रूप में हुई है। पिछले एक महीने से शराब की तस्करी कर रहा था। इस दौरान विभाग ने शराब की पेटियां बरामद की हैं। इस मामले में संजू नामक एक अन्य व्यक्ति को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। विभाग को यहां अवैध रूप से शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। इसपर ईटीओ अमनदीप पुरी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर जश्व और सिमरन की टीम ने जाल बिछाया और एक युवक को अवैध शराब की बोतलों के साथ रंगे हाथों काबू कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान गांधी कैंप निवासी ईशाद के रूप में हुई है। पुलिस ने एक्साइज विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी एक महीने से कर रहा था शराब का कारोबार पूछताछ के दौरान आरोपी ईशाद ने कबूल किया कि वह पिछले एक महीने से अवैध शराब बेचने का धंधा कर रहा है। उसने बताया कि आज उसने मंडी में किसी व्यक्ति को शराब सप्लाई की थी, जिसके बाद वह पटेल चौक के पास एक अहाते में किसी अन्य ग्राहक को शराब देने आया था। इसी दौरान वह विभाग की टीम के हत्थे चढ़ गया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार होने में कामयाब रहा। ईशाद ने विभाग को बताया कि वह संजू नाम के व्यक्ति से शराब लाकर आगे बेचता है। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए टीम ने संजू को भी हिरासत में ले लिया है। हालांकि, संजू ने खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा कि उसका अवैध शराब से कोई लेना-देना नहीं है और उसे पुरानी रंजिश के चलते फंसाया जा रहा है। विभाग फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ कर रहा है।
आरोपी सस्ते दामों में बेच था शराब शराब ठेके के पार्टनर प्रदीप भनौट ने बताया कि यह युवक लंबे समय से ठेके के बाहर अवैध शराब बेचकर सरकारी राजस्व को चपत लगा रहा था। जानकारी के अनुसार, आरोपी बाहर से अवैध शराब लाकर मात्र 50-50 रुपए में पवा बेचता था, जबकि बाजार में इसकी कीमत अधिक है। प्रदीप ने यह भी दावा किया कि आरोपी के घर पर अभी भी भारी मात्रा में अवैध शराब की पेटियां मौजूद हो सकती हैं।
पुलिस मामले की कर रही जांच वहीं, संजू अरोड़ा ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ठेके के बाहर अवैध रूप से ‘पंजाब किंग’ जैसे ब्रांड की शराब आधे दामों पर बेची जा रही थी। उन्हें डर था कि कहीं यह जहरीली शराब न हो, जिससे कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इसी आशंका के चलते विभाग को सूचित किया गया। फिलहाल थाना 2 की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
