अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस-2025 के अवसर पर जिले के शतायु (100 वर्ष या इससे अधिक आयु) मतदाताओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान लोकतंत्र की मजबूती में उनके निरंतर योगदान को सराहने के लिए किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान नवीन महाजन के निर्देशानुसार वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित करने का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। लाडनूं, मकराना, नावां, खाटू खुर्द, कुचामन और डीडवाना सहित जिले के सभी क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर गठित समितियों द्वारा शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। इन समितियों में स्थानीय शिक्षक, ग्राम पटवारी, सुपरवाइजर, बीएलओ, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल थे। समिति सदस्यों ने शतायु मतदाताओं के घर पहुंचकर उन्हें माला पहनाई और राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जयपुर की ओर से प्रदत्त प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि शतायु मतदाता देश की लोकतांत्रिक परंपरा के सशक्त प्रतीक हैं। उनकी प्रेरणा से नई पीढ़ी मतदान के प्रति जागरूक होगी और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान देगी।
