जोधपुर में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने 200% मुनाफे का लालच देकर 54 लाख से अधिक की ठगी कर ली। पीड़ित ने जब पैसे वापस मांगे तो टालमटोल करने लगा। तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। बोरानाड थाना में इस्तगासे के जरिए पार्श्वनाथ सिटी निवासी राधिका डागा ने सूरत (गुजरात) निवासी तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार राधिका डागा कनक एक्सपोर्ट नामक फर्म की प्रोपराइटर हैं। उनके पति धीरज डागा व्यवसाय करते हैं। साल 2023 में व्यापार में मंदी के चलते आर्थिक परेशानी के बीच दिसंबर 2023 में रिश्तेदार मुकेश जैन, उसकी पत्नी नेहा जैन और पिता संचयलाल जैन जोधपुर आए। 200 फीसदी मुनाफे का दिया लालच मुकेश जैन ने शेयर बाजार ट्रेडिंग में निवेश पर 200 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया और अपनी कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। विश्वास में आकर राधिका डागा और उनके पति ने शुरुआत में 20 लाख रुपए नकद दिए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उनकी फर्म के खाते से करीब 64,44,251 रुपए आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। भरोसा जीतने के लिए 30 लाख रुपए दिए वापस रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने भरोसा बनाए रखने के लिए बीच-बीच में करीब 29,99,000 रुपए वापस भी भेजे, ताकि निवेश का विश्वास बना रहे। जब पीड़ित को व्यापार के लिए रुपए की जरूरत हुई तो अपनी राशि वापस मांगी। आरोपी टालमटोल करने लगे। मार्च 2026 में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी की खबर पढ़ने के बाद पीड़ित पको शक हुआ और उन्होंने पूरी राशि वापस मांगी। इस पर मुकेश जैन ने धमकी देते हुए फोन बंद कर दिया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी के पिता संचयलाल जैन ने भी इस काम में शामिल है। पीड़िता ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
