अलवर में 12वीं ध्वज यात्रा शहर के मुख्य बाजारों से निकाली गई, जो बाजारों से होते हुए मोती डूंगरी हनुमान जी के मंदिर पहुंची। यात्रा शुरू होने से पहले फल-सब्जी मंडी में धर्मसभा का आयोजन भी किया गया। धर्मसभा में तिजारा से विधायक महंत बालक नाथ योगी ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से उन लोगों को संदेश देना है कि हमारे भारतवर्ष में चाहे किसी भी दूर-दराज ढाणी में रहने वाला परिवार हो या कोई गरीब परिवार, उसे संबल देना है और यह बताना है कि सनातन धर्म को मानने वाले लोग हमेशा उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कुछ ताकतें विदेशों में बैठकर हमारे देश के अंदर लोगों को अपना मोहरा बनाकर देश को तोड़ने का काम करती हैं। चाहे धर्म परिवर्तन का विषय हो या गो तस्करी, ऐसे लोगों को इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से स्पष्ट संदेश देने का काम किया जाता है। समाज की रक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज की एकजुटता और सुरक्षा के लिए निकाली जाती है। जब उनसे सवाल किया गया कि बीजेपी सरकार होने के बावजूद रक्षा की जरूरत क्यों है, तो इस पर महंत बालक नाथ योगी ने कहा कि सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन गलत विचारों वाले लोग और अपराधी अपनी गतिविधियां जारी रखते हैं। धर्म परिवर्तन कराने वाले और गो तस्कर भी सक्रिय रहते हैं, इसलिए समाज को हमेशा सतर्क और तैयार रहना चाहिए। इस भगवा रैली में गो माता और लव जिहाद से जुड़ी झांकियां सजाई गईं। इसके बाद वीर बाहुबली की झांकी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं राम, लक्ष्मण और माता सीता की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। इस दौरान महंत बालक नाथ योगी मुख्य ध्वज हाथ में लिए यात्रा का नेतृत्व करते नजर आए।
