असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन पासपोर्ट रखने के आरापों के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर असम पुलिस के छापे मारने के बाद ​सियासत गरमा गई है। राजस्थान कांग्रेस के बड़े नेता खुलकर पवन खेड़ा के समर्थन के उतर आए हैं। इसमें पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने खेड़ा के घर असम पुलिस की छापेमारी के बाद बीजेपी पर निशाना साधा। तीनों ने इसे असम चुनाव में संभावित हार से उपजी बौखलाहट करार दिया। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर लिखा- असम चुनाव में हार के डर से भाजपा बौखला गई है। भाजपा की सबसे बड़ी कमजोरी यह है कि वह लोकतंत्र के बजाय पुलिस और सरकारी एजेंसियों के पीछे छिपकर वार करती है। असम पुलिस ने जिस तरह कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा के आवास पर छापेमारी की, वह कायराना हरकत है। गहलोत ने लिखा- कांग्रेस को इन सब पैतरों से डराया नहीं जा सकता। असम पुलिस, सीबीआई, ईडी का डर दिखाने से कांग्रेस के दिलेर लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ता है। असम की जनता सब देख रही है। वे जान चुके हैं कि भाजपा सिर्फ नफरत फैलाना और डराना जानती है। जल्द ही असम की जनता इस तानाशाही सरकार को माकूल जवाब देगी। डोटासरा बोले- भाजपा तानाशाही पर उतर आई कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- भाजपा की राजनीति सिर्फ और सिर्फ डराओ, धमकाओ और संस्थाओं के दुरुपयोग से विपक्षी दलों के नेताओं का दमन कर सच को छिपाने की रह गई है। असम पुलिस का AICC मीडिया व प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा के खिलाफ फर्जी FIR दर्ज उनकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली आना और खोजबीन करना, साफ संदेश है कि भाजपा तानाशाही पर उतर चुकी है। डोटासरा ने लिखा- पवन खेड़ा ने हाल ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के भ्रष्टाचार और उनकी पत्नी के 3-3 पासपोर्ट का पर्दाफाश किया था। डोटासरा ने लिखा- कांग्रेस का हर कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। जूली बोले- खेड़ा के घर असम पुलिस की छापेमारी कायराना हरकत नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक्स पर लिखा- असम चुनाव में हार के डर से बौखलाई भाजपा अब पुलिस और सरकारी एजेंसियों के सहारे विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा के आवास पर असम पुलिस की छापेमारी न सिर्फ कायराना हरकत है, बल्कि भाजपा की तानाशाही का प्रमाण है। जूली ने लिखा- जवाब देने के बजाय भाजपा फर्जी FIR, दमन और डराने-धमकाने की राजनीति में उतर आई है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। असम की जनता सब देख रही है और समय आने पर भाजपा को इसका उत्तर देगी।