मोगा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ मुहिम में एक अहम सफलता माना जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि सहायक थानेदार (एएसआई) पाल सिंह को सूचना मिली थी किएक युवक नशीले पदार्थ के साथ इलाके में घूम रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू सिंह उर्फ नोनू निवासी गांव धल्लेके (मोगा) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की। नशीली गोलियों समेत दो युवक अरेस्ट इसके अलावा मोगा पुलिस द्वारा दो युवकों को नशीली गोलियों और हेरोइन के साथ अरेस्ट किया गया है। थाना प्रभारी ने सहायक थानेदार (एएसआई) कश्मीर सिंह को सूचना मिली थी कि दो युवक नशीले पदार्थों के साथ इलाके में घूम रहे थे। जिसके बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और गुरचरण सिंह उर्फ गग्गा के रूप में हुई है। ये दोनों मोगा जिले के गांव चूहड़ चक्क के निवासी हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 10 ग्राम हेरोइन और 102 नशीली गोलियां बरामद कीं। सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।