कपूरथला के नए डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल ने मंगलवार को अपना पदभार संभाल लिया है। जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स पहुंचने पर उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समय-समय पर समीक्षा करने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। 2019 बैच के आईएएस अधिकारी आकाश बांसल ने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता जिले के लोगों को समय पर और पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं प्रदान करना है। इसके साथ ही, पंजाब सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता होगी। योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी- डीसी
डिप्टी कमिश्नर बांसल ने पंजाब सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, जैसे मुख्यमंत्री हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा और मुफ्त बिजली स्कीम का लाभ जमीनी स्तर पर सही लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इसके लिए लोगों को इन योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। आम जनता से पूर्ण सहयोग की अपील
उन्होंने जिले में तैनात विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लोगों की शिकायतों और समस्याओं का तुरंत तथा उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। डीसी बांसल ने जिले में और सुधार लाने के लिए आम जनता से पूर्ण सहयोग की अपील की। सुझावों पर गंभीरता से होगा विचार
उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन को प्राप्त होने वाले सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि आकाश बांसल इससे पहले मानसा में अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) सहित अन्य जिलों में भी विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।