जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने मार्च माह में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 8770 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सख्त कार्रवाई की गई। यह अभियान तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट ड्राइविंग, शराब पीकर गाड़ी चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने जैसे प्रमुख उल्लंघनों पर केंद्रित था। इन मामलों में बड़ी संख्या में चालान काटे गए। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 3551 वाहन ड्राइवरों पर तेज गति से गाड़ी चलाने के लिए कार्रवाई की गई। वहीं, 2470 ड्राइवरों को बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। शराब पीकर गाड़ी चलाने के 57 मामले, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के 266 मामले और गलत साइड या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के 235 मामलों में भी चालान किए गए। अन्य उल्लंघनों में 465 ड्राइवरों को सीट बेल्ट न लगाने, 737 को अवैध पार्किंग, 131 को अधिक सवारी बैठाने और 49 को बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर चालान किया गया। इसके अतिरिक्त 35 नो-एंट्री और 70 ब्लैक फिल्म से संबंधित मामलों में भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 78 ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश परिवहन विभाग को भेजी है। साथ ही, 35 मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत उन्हें जब्त किया गया। इस अभियान के तहत हाईवे पर ढाबों के बाहर गलत तरीके से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। ढाबा संचालकों को भविष्य में ऐसी अनियमितताओं से बचने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
