भीलवाड़ा में वसूली करने वाली गैंग के मामले में प्रोबेशनर IPS और सीओ सदर माधव उपाध्याय को सोमवार दोपहर एपीओ कर दिया। संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश में प्रशासनिक कारणों का हवाला दिया गया है। हालांकि इसे वसूली मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। भीलवाड़ा में रविवार को पुलिस ने वसूली करने वाली गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इनमें जहाजपुर विधायक गोपी मीणा का प्रतिनिधि अजय पांचाल मुख्य आरोपी है। गैंग गार्नेट खनन कारोबारियों से हर महीने वसूली कर रही थी। अजय पांचाल की गिरफ्तारी के बाद सामने आए तथ्यों पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने विजिलेंस जांच के आदेश दिए। अजमेर जीआरपी एसपी नरेंद्र सिंह को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। मामले में वॉट्सएप चैट और कुछ संदिग्ध इनपुट भी जांच के दायरे में हैं। हिसाब और चैट की बातें सामने आईं अजय पांचाल से पूछताछ में कई खुलासे होने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, अजय के मोबाइल से IPS माधव के साथ हिसाब और चैट से जुड़ी बातें सामने आईं, जिसके बाद जांच शुरू की गई। इसी आधार पर आईपीएस के खिलाफ जांच बैठाई गई। बताया जा रहा है कि अजय जानकारी देता था और IPS माधव उन इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते थे। अजय ने उन्हें कई बड़े मामलों के बारे में जानकारी दी थी। फिलहाल अजय के साथ पैसा वसूली के मामले में IPS माधव के नाम की भी जांच की जा रही है। IPS की सफाई- मेरा कोई रोल नहीं, चैट से जुड़ी बातें गलत इधर, आईपीएस माधव उपाध्याय ने बताया- अजय पांचाल से मेरी मुलाकात एसपी ऑफिस में एक केस के सिलसिले में हुई थी। इसमें अजय ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की थी। विधायक मीणा के साथ आया था पांचाल मामले में एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एसपी ऑफिस में कई जनप्रतिनिधि मिलने आते हैं। उनके साथ और लोग भी होते हैं। अवैध गार्नेट मामले में गिरफ्तार अजय पांचाल भी कुछ समय पहले जहाजपुर विधायक गोपी मीणा के साथ आया था। विधायक मीणा ने कुछ जन समस्याएं रखी थीं। उस समय प्रोबेशनर आईपीएस माधव उपाध्याय भी मेरे रूम में ही थे। माधव उपाध्याय ने कई इनपुट इन्फॉर्मेशन के बाद अलग-अलग अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की थी। इस मामले में कुछ और लोगों की भूमिका भी शक के दायरे में है, जिसकी जांच की जा रही है। अपराधियों के साथ जिन-जिन पुलिसकर्मियों के वीडियो सामने आए हैं, उन सभी पर मामलों में शिकायतों के बाद जांच की जा रही है। … खनन वसूली से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… BJP कार्यकर्ता ने वसूली के लिए बनाई गैंग,दावा-MLA का करीबी:विधायक बोले- चुनाव में मेरे साथ था; IPS भी शक के घेरे में, जांच के आदेश भीलवाड़ा में पुलिस ने वसूली करने वाली गैंग के चार मेंबर्स को गिरफ्तार किया है। गैंग खनन कारोबारियों से हर महीने वसूली कर रही थी। आरोप है कि गैंग का सरगना भाजपा का कार्यकर्ता है। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अजय पांचाल ने खुद को जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा का प्रतिनिधि भी बताया है। पूरी खबर पढ़ें
