भरतपुर कलेक्ट्रेट सभागार में दिशा की बैठक के दौरान बात का जवाब नहीं देने पर सांसद संजना जाटव प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) नगेंद्र भदौरिया पर भड़क गईं। सांसद ने कहा- कहा- मुझे ऐसा लग रहा है कि सोकर आए हो, इसलिए आवाज नहीं आ रही है। मैंने पूरी बात कह दी और आपने सुना भी नहीं कि मैडम क्या कह रही हैं। संजना जाटव ने कहा- दो दिन पहले आंधी-तूफान में छत से गिरकर घायल महिला को हॉस्पिटल लाया गया था। सीएमएचओ से बात हो गई थी, लेकिन निचले स्तर पर किसी ने फोन नहीं उठाया। दो घंटे बाद महिला की मौत हो गई। इस बात पर सीएमएचओ को मुस्कराते देख सांसद बोलीं- किसी की जान चली गई और आप हंस रहे हैं, बड़े ही शर्म की बात है। तभी कलेक्टर कमर चौधरी ने बात संभालते हुए कहा- हंस नहीं रहे हैं, उनकी शक्ल ही ऐसी है। सांसद बोलीं- इलाज में लापरवाही से महिला की मौत हुई दरअसल, 4 अप्रैल को आए आंधी-तूफान में सोकरी गांव निवासी एक महिला छत से गिरकर घायल हो गई थी। जिसे कठूमर से भरतपुर आरबीएम हॉस्पिटल रेफर किया गया था। दो घंटे बाद महिला की मौत हो गई थी। सोमवार को दिशा की बैठक में सांसद संजना जाटव ने इस मुद्दे को उठाया। सांसद ने कहा- सीएमएचओ गौरव कपूर से महिला के इलाज के संबंध में बात हुई, लेकिन पीएमओ नगेंद्र भदौरिया व निचले स्तर के कर्मचारियों ने फोन नहीं उठाया। ओवरलोड वाहनों से 4 लोगों की मौत हो चुकी है मीटिंग में सांसद संजना जाटव ने दोगुनी रॉयल्टी और ओवरलोड वाहनों का भी मामला उठाया। सांसद ने कहा- रूपवास और रुदावल इलाके में ओवरलोड वाहनों की वजह से 4 लोगों की मौत हो चुकी है। इसलिए ओवरलोड वाहनों पर रोक लगनी चाहिए। राजस्थान में डबल इंजन की सरकार है। साथ ही भरतपुर सीएम का गृह क्षेत्र है उसके बाद भी ऐसी घटनाएं हो रहीं हैं। इस पर प्रशासन को संज्ञान लेना चाहिए। सांसद ने कहा- ओवरलोड वाहन बंद नहीं हुए तो आंदोलन करूंगी सांसद संजना जाटव ने बताया – माइनिंग अधिकारियों ने मुझे गोल-मोल जवाब दिया था। मैंने दो दिन में कार्रवाई के लिए कलेक्टर को बोला है। अगर दो दिन में रुदावल इलाके में खनन के ओवरलोड वाहनों पर रोक नहीं लगी तो, मैं खुद वहां जाकर बड़ा आंदोलन करूंगी। कलेक्ट्रेट सभागार में मीटिंग में सांसद ने ओले और बारिश से किसानों के नुकसान का मुद्दा भी उठाया और मुआवजा दिलाने की बात कही।
