मोगा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 101 मामलों में जब्त भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 108.8 किलोग्राम भुक्की (चूरा पोस्त), 64 नशीली गोलियां, 15.738 किलोग्राम हेरोइन और 925 ग्राम गांजा शामिल था। यह कार्रवाई मोगा के एसएसपी के निर्देशों पर पूरी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। मोगा के एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि नशीले पदार्थों को नष्ट करने की यह प्रक्रिया न केवल कानून के पालन को दर्शाती है, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ एक सख्त संदेश भी देती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मोगा पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। SSP बोले- नशा तस्करी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें गांधी ने आगे कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे नशा तस्करी या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस कार्रवाई को नशा मुक्त पंजाब की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पुलिस की दृढ़ प्रतिबद्धता और सक्रियता को दर्शाता है।