ब्यावर सिटी थाना परिसर में रविवार को एक निःशुल्क नशामुक्ति परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
जिला प्रशासन और जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में लायन्स क्लब यूनिक के सहयोग से यह शिविर लगाया गया। विशेषज्ञों ने शिविर में आए 50 से अधिक व्यक्तियों को नशा छोड़ने के लिए व्यक्तिगत परामर्श प्रदान किया। उन्हें उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई और आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में अफीम, स्मैक, गांजा, भांग, शराब, डोडा चूरा और एमडी जैसे विभिन्न मादक पदार्थों के गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी और नशा करने वालों के खिलाफ की जा रही कार्रवाइयों की जानकारी दी। पुलिस ने आमजन से नशे के विरुद्ध अभियान में सहयोग की अपील की। साथ ही, मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में बताते हुए जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में विधायक शंकरसिंह रावत, एसपी रतनसिंह, एएसपी भूपेन्द्र शर्मा, एडीएम ब्रह्मलाल जाट और वृत्ताधिकारी राजेश कसाना सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मनोरोग एवं नशामुक्ति विशेषज्ञ डॉ. नसीम जहां (एमबीबीएस, एमडी साइकैट्री) और डॉ. दिनेश जैन सहित विशेषज्ञों की एक टीम ने भी इसमें भाग लिया।