सीकर जिले के रींगस रेलवे स्टेशन पर शनिवार करीब 8 बजे खाटू श्याम जाने वाले दो यात्रियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पति विकास और पत्नी प्रियंका रेलवे स्टेशन के बाहर एक दूकान के सामने खड़े होकर कचौरी खा रहे थे। इसी दौरान दुकानदार के टोकने पर विवाद बढ़ गया और यात्री विकास और दुकानदार आपस में मारपीट करने लगे। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। यात्री को दुकान के सामने खड़ा होने से रोका जानकारी के अनुसार विकास कुमार और उनकी पत्नी प्रियंका ट्रेन से उतरकर स्टेशन के बाहर रुके। उन्होंने एक दुकान से कचौरी खरीदी और पास की दूसरी दुकान के सामने खड़े होकर खाने लगे। इसी दौरान उस दुकान के मालिक ने उन्हें वहां से हटकर दूर खड़े होने को कहा। दुकानदार का कहना था कि दुकान के सामने खड़े रहने से उसके ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इस पर विकास ने जवाब दिया कि वे सड़क पर खड़े हैं और इसमें कोई गलत बात नहीं है। यात्री नहीं हटा तो की मारपीट इस दौरान कहासुनी बढ़ी और कुछ ही पलों में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। डीएसपी बोले – ठोस कार्रवाई करेंगे पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत या मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। डीएसपी राव आनंद ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है और वे रींगस एसएचओ से बात कर जानकारी लेंगे तथा ठोस कार्रवाई की जाएगी।