डूंगरपुर जिले में RPSC की ओर से आयोजित SI भर्ती परीक्षा के लिए जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9 बजे से परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हुआ। कड़ी जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में दाखिल होने दिया गया। सुबह 10 बजे सभी केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। इस परीक्षा में कुल 6808 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई। गेट पर एडमिट कार्ड और आधार कार्ड की जांच के साथ-साथ फेस स्कैनिंग भी की गई। 1 घंटा पहले बंद हुआ गेट
10 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। अंदर प्रवेश कर चुके अभ्यर्थियों की भी गहन जांच की गई, जिसके बाद उन्हें रोल नंबर के अनुसार परीक्षा कक्षों में बैठाया गया। यहां भी उन्हें नकल या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं करने की चेतावनी दी गई। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुई, जिसमें सामान्य हिंदी का प्रश्न पत्र था। दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान का प्रश्न पत्र शामिल है।
