कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी सबडिवीजन में शुक्रवार दोपहर जालंधर-सुल्तानपुर लोधी रूट पर चलने वाली पीआरटीसी बस में लूट की वारदात हुई। सिधवां दोना-मोथांवाला रूट पर कुलारां के पास बदमाशों ने बस को रोककर कंडक्टर से नकदी छीन ली। पीड़ित बस नंबर PB 00 DG 5859 के ड्राइवर पवित्र सिंह और कंडक्टर मलकीत सिंह ने बताया कि जब बस मोठांवाला के पास एक फैक्ट्री के नजदीक पहुंची, तभी एक पुरानी सफेद होंडा सिटी कार (PB 08 AZ 4567) ने उसे रोक लिया। कार में 3-4 युवक सवार थे। दो युवक धारदार हथियार (दातर) लेकर जबरन बस में घुस गए। उन्होंने कंडक्टर को धमकाते हुए उसके बैग से करीब 800-900 रुपये की नकदी लूट ली। इस दौरान एक आरोपी ने कंडक्टर को पहचान बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। वारदात से दहशत में आए यात्री अचानक हुई इस वारदात से बस में बैठे यात्री दहशत में आ गए। लूट को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद बस स्टाफ ने मोथांवाला पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व उनकी गाड़ी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि ग्रामीण रूटों पर यात्रा करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं पैदा करती है। सरकारी बस को निशाना बनाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।