बरनाला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) के संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर की कोठी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले और पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। भाजपा नेताओं ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय के बाहर ग्रेनेड हमला हुआ है, जिसके खिलाफ वे लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के आवास का किया घेराव इसी कड़ी में बरनाला में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। जब कार्यकर्ताओं ने सांसद के घर की ओर बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। भाजपा नेताओं धर्म सिंह फौजी, रजिंदर उप्पल और गुरदर्शन सिंह बराड़ ने कहा कि पंजाब में सुरक्षा की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि अब राजधानी चंडीगढ़ में भी भाजपा कार्यालय को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को भी निशाना बनाया जा रहा है। बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए सरकार जिम्मेदार उन्होंने आगे कहा कि भाजपा पंजाब की आवाज उठाने के लिए हमेशा हर वर्ग के साथ खड़ी रही है, लेकिन मौजूदा सरकार भाजपा की बड़ी रैलियों से डरी हुई है। नेताओं ने जोर देकर कहा कि पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था राज्य के माहौल को खराब कर रही है, जिसके लिए मौजूदा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।