नागौर कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप के मामले का खुलासा किया है। व्यापारी को किराए के मकान पर नशीली ड्रिंक पिलाकर अश्लील वीडियो बनाने और 50 लाख रूपए के लिए ब्लैकमेल करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक युवती और 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि कोतवाल वेदपाल शिवरान के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि नागौर निवासी व हैदराबाद प्रवासी एक व्यापारी ने बताया कि वह हैदराबाद में मिठाई की दुकान चलाता है। वो करीब 2 महीने पहले नागौर आया था। उसके रिश्तेदार हरेंद्र निवासी अतुसर बास ने शहर घुमाने के बहाने दोस्त महेंद्र भाटी के किराये के कमरे पर ले गया। व्यापारी का आरोप है कि वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। करीब 20-25 दिन बाद महेंद्र और एक लड़की ने उन्हें कॉल कर एक अश्लील वीडियो दिखाया और वायरल करने की धमकी दी। व्यापारी ने अपनी सामाजिक छवि खराब होने के डर से अलग-अलग समय पर हरेंद्र, महेंद्र और लड़की को लगभग 4 लाख रुपए दे दिए। अब तीनों आरोपी पीड़ित को लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल और व्हाट्सएप मैसेज करके 50 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। पैसे ना देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है। व्यापारी ने रिपोर्ट देकर बताया था कि ब्लैकमेलरों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पहले ही 4 लाख रुपए वसूल लिए हैं, और अब 50 लाख रुपए की और मांग कर रहे हैं। पुलिस ने अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने के आरोप में हरेंद्र कुमार, महेंद्र भाटी और बीकानेर निवासी युवती आरती शर्मा को गिरफ्तार किया है।
