पंजाब के तरनतारन जिले के गांव ढोटियां में आम आदमी पार्टी समर्थित सरपंच हरजिंदर सिंह पर एक नौजवान को लोहे की रॉड से पीटने का आरोप लगा है। इस हमले में नौजवान के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने सरपंच के घर पर तोड़फोड़ की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना मंगलवार शाम को उस वक्त हुई, जब सरपंच हरजिंदर सिंह ने कथित तौर पर नशा बेचने के आरोप में दो गुटों से संबंधित युवकों को अपने घर बुलाया था। इनमें से एक युवक रोशन सिंह था। रोशन की मां राज कौर, बहू सोनिया और दो भाई करण व रवि भी सरपंच के घर पहुंचे थे। मां ने लगाया लोहे की रॉड से पीटने का आरोप
राज कौर के अनुसार, सरपंच ने उनके बेटे रोशन पर नशा बेचने का आरोप लगाते हुए पहले उसे लोहे की रॉड से पीटा और फिर सिर के बल जमीन पर पटक दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। जब परिवार के सदस्य बचाव के लिए आगे बढ़े, तो सरपंच ने कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के कुछ लोग सरपंच के घर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ की। उन्होंने सरपंच पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। पंच गुरपाल सिंह, काला सिंह और सुक्खा सिंह ने भी सरपंच द्वारा रोशन को पीटने में पक्षपात की बात कही। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच ग्रामीणों कृपाल सिंह और सोहन सिंह ने बताया कि गंभीर हालत में रोशन को सिविल अस्पताल तरनतारन ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया। रोशन की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। घटना के लगभग ढाई घंटे बाद थाना सरहाली कलां के प्रभारी बिंदरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

You missed