डीग शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए मंगलवार को पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। एडिशनल एसपी अकलेश शर्मा के नेतृत्व में शहर कोतवाली से मुख्य बाजार, लोहा मंडी होते हुए नई सड़क तक पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस पैदल मार्च में ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक राम भरोसी मीणा भी मौजूद रहे। अभियान के तहत सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े चार पहिया और दो पहिया वाहनों के फोटो खींचकर ऑनलाइन चालान किए गए। पुलिस ने कुल 15 वाहनों के चालान बनाए। नगर परिषद द्वारा मुख्य बाजार में सड़क के दोनों ओर रेहड़ी वालों के लिए सफेद पट्टी बनाकर स्थान निर्धारित किया गया है, लेकिन इसका लगातार उल्लंघन हो रहा है। एडिशनल एसपी ने मौके पर रेहड़ी संचालकों को निर्धारित स्थान पर खड़ा होने की समझाइश दी और चेतावनी दी कि भविष्य में उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर के मुख्य बाजार, लोहा मंडी, नई सड़क, पुराना बस स्टैंड, गणेश मंदिर, पुरानी अनाज मंडी और लक्ष्मण मंदिर के पीछे कामां रोड जैसे क्षेत्रों में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि व्यवस्था में सुधार लाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।