फाजिल्का जिले के अबोहर में निजी कूरियर कंपनी में आए पार्सल में से असली मोबाइल निकाल उसकी जगह डमी मोबाइल रखकर दोबारा पैक करने के मामले में फाजिल्का के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीन डिलीवरी बॉय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की है। हालांकि इस मामले में अब जांच की जा रही है कि कितने असली मोबाइल पार्सल में से निकालकर उनकी जगह डमी मोबाइल रख दिए तथा असली मोबाइलों को जाली कागजात तैयार कर बेचा गया। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है । जानकारी के अनुसार, विकास सचदेवा निवासी सुंदर नगर अबोहर ने साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि वह ब्ल्यू डार्ट कोरियर कंपनी की फ्रेंचाइजी लेकर अपने अबोहर में काम करता है। जिसके पास लोगों द्वारा निजी कंपनियों में आर्डर किए गए पार्सल डिलीवरी के लिए आते हैं। कूरियर एजेंसी मालिक ने दर्ज कराया मुकदमा इन पार्सल को आर्डर किए गए व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अजनीश कुमार, संजय और उमंग शर्मा तीन डिलीवरी बॉय उसके यहां डिलीवरी का काम करते हैं। आरोप है कि उसके पास काम करते युवाओं ने ब्ल्यू डार्ट कोरियर कंपनी में लोगों द्वारा आर्डर किए गए आए पार्सल मोबाइल फोन को पार्सलों में से निकाल उनकी जगह पर डमी मोबाइल रखकर दुबारा पैक किया गया था । उन्होंने बताया कि आरोपियों ने असली मोबाइल फोन के जाली बिल और कागजात तैयार कर उन्हें आगे बेच दिया। इस बात का खुलासा तब हुआ जब कंपनी द्वारा उन्हें ईमेल भेजी गई। शिकायत साइबर क्राइम थाने में की गई तो पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल करते हुए उक्त तीन युवाओं सहित चार से पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। और जांच की जा रही है।