पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बयान पर पलटवार किया है। गहलोत ने कहा- हमारी बात करते हैं कि हमें कौन पूछ रहा है। नहीं पूछ रहा है। इसकी चिंता उनको नहीं करनी चाहिए। ये हमारी पार्टी के अंदरूनी मामले हैं। आप अपने मुद्दों को देखिए और उनके जवाब दीजिए। उन्होंने कहा- पूर्व मुख्मंत्री के बेटे की बोल रहे हैं। हमने तो अपने बेटे को अलग मकान किराए पर दिलाया था। वो अलग रहे थे। वो मुख्यमंत्री निवास पर नहीं रहे थे। गहलोत जयपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। दरअसल, सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को जमवारामगढ़ में गहलोत पर तल्ख सियासी कमेंट करते हुए कहा था कि आजकल दिल्ली में उनको पूछ नहीं रहा है। जिन्हें वे नकारा निकम्मा कहते थे, आजकल उनकी चल रही है। जिन्हें तड़पाया है, अब उनको तड़पने की बारी है। गहलोत बाले- विपक्ष क्या पूछ रहा है और आप क्या जवाब दे रहे हो? गहलोत ने कहा- मैं क्या पूछ रहा हूं और वो क्या जवाब दे रहे हैं। मैंने कहा यह बिल्डिंग खड़ी है, इसको जनहित में चालू क्यों नहीं कर रहे हो? और ये जवाब पता नहीं क्या दे रहे हैं। मेरे खुद के समझ में नहीं आ रहा। मुख्यमंत्री को चाहिए वे खुद एक बार पढ़ लें। उनके सलाहकार ऐसे भर्ती किए हैं, उनको निकाल बाहर करो। वे बर्बाद कर देंगे मुख्यमंत्री को। मैं पूछ क्या रहा हूं, जवाब कुछ दे रहे हैं। ऐसा मैंने कभी नहीं देखा। थोड़ी बहुत शर्म भी आनी चाहिए कि हमारे बारे में जनता क्या सोचेगी? बेटा-बेटी, साला-साली को राजनीति में आगे लाएं, आपके अनुभवों का लाभ उन्हें मिलेगा गहलोत ने कहा- मैंने कहा बेटों को सरकार से दूर रखना चाहिए, इसमें क्या गलत कहा? मैंने यह नहीं कहा कि राजनीति से दूर रखो। मैं मुख्यमंत्री और तमाम मंत्रियों और बीजेपी से कहना चाहूंगा कि अपने परिवार के लोगों को आगे लाओ। बेटा हो, बेटी हो, साला हो साली हो कोई हो, आगे लाओ। वे राजनीति में आगे आएंगे तो नई पीढ़ी को आपके अनुभवों का लाभ मिलेगा। आज जो पीढ़ी राज कर रही है, उनका अगर बेटा राजनीति में आएगा, साला आएगा तो इनके अनुभव का फायदा मिलेगा। इन्हें राजनीति में आगे लाने में कोई हर्ज नहीं है। परिवार के लोगों को राजनीति में लाने कोई हर्ज नहीं है गहलोत ने कहा- परिवार के लोगों को राजनीति में लाने कोई हर्ज नहीं है, मैंने सरकार में दूर रखने के लिए कहा था, उस बात को गोल कर गए। इतना उनको हिट हुआ दिखता है या तो वे अपराध बोध से ग्रसित हो गए हैं। तीन दिन से जोधपुर-जयपुर में कहां-कहां जाकर मेरे बारे में क्या-क्या बोल रहे हैं? मैंने क्या गलत कहा- सरकार से दूर रखो। बदनामी होगी मुख्यमंत्री की, मंत्रियों की सरकार के लिए अच्छा है क्या यह मैंने कहा था। वो जोड़ रहे हैं कि पूर्व मुख्मंत्री के बेटे की क्या कह रहे थे। हमने तो अपने बेटे को अलग मकान किराए पर दिलाया था, अलग रहे थे वो, मुख्यमंत्री निवास पर नहीं रहे थे वो। ये भी पढ़ें… CM का गहलोत पर तंज-आपने तड़पाया तो तड़पना भी पड़ेगा:जिनको नाकारा-निकम्मा कहा, उनकी केंद्र में चल रही, कई बार बेटे को लॉन्च किया मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा- कभी-कभी तो मुझे बड़ा तरस आता है। वैसे आप वरिष्ठ नेता हैं, मेरी संवेदनाएं आपके साथ हैं। आपने जैसा किया, वैसा आप भर रहे हैं। जिनको आपने नकारा और निकम्मा कहा, केंद्र में उनकी चल रही है, तो आप तड़प रहे हैं। यह तो समय है, बड़ा बलवान है। आपने तड़पाया तो तड़पना तो आपको भी पड़ेगा। (पढ़ें पूरी खबर)
