पंजाब में चल रहे रामलीला मंचन के दौरान भद्दे डांस के वीडियो सामने आ रहे हैं। पठानकोट के सुजानपुर इलाके का एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है। इसमें शूर्पणखा रामलीला के मंच पर लक्ष्मण, प्रभु श्रीराम और सीता माता के किरदार निभा रहे कलाकारों के सामने ठुमके लगा रही है। ठुमके किसी बॉलीवुड फिल्म के आइटम सॉन्ग की तरह है। ये घटना सुजानपुर के गांव अजीजपुर की है। वीडियो सामने आते ही इस पर हिंदू संगठनों ने एतराज जताया और सुजानपुर थाने में इसकी शिकायत दी। इसके बाद रामलीला प्रबंधक कमेटी के मेंबरों ने इसके लिए माफी मांगी और आइंदा ऐसा न करने का भरोसा दिलाया। सुजानपुर थाने में दी शिकायत शिवसेना लॉयन के पंजाब प्रधान बिन्नी वर्मा ने बताया कि उनके पास सुजानपुर के गांव अजीजपुर की एक वीडियो आई। इसमें रामलीला मंचन की मर्यादा तोड़ी जा रही थी। जैसे ही ये वीडियो सामने आया तो हिंदू संगठनों ने इसका विरोध जताया और सुजानपुर थाने में इसकी शिकायत दी। रामलीला कमेटी प्रबंधन बोले- 40 साल में पहली बार गलती हो गई अजीजपुर की रामलीला कमेटी के सदस्य लाली ने बताया कि उनका बाल क्लब 40 साल से रामलीला का मंचन कर रहा है। सूर्पणखा का रोल करने वाला कलाकार भी काफी समय से रोल करता आ रहा है। इतने सालों में पहली बार इस तरह की गलती हुई है। जिसके लिए उन्होंने हिंदू संगठनों से माफी मांग ली है। लक्ष्मण-सूर्पणखा संवाद का हो रहा था मंचन जानकारी के मुताबिक, जिस समय शूर्पणखा के रोल में कलाकार ने डांस का ये सीन किया, उस समय स्टेज के नीचे सैकड़ों लोग मंचन देख रहे थे। कलाकार जैसे ही ठुमके लगाता लक्ष्मण के पास पहुंचा, तो लक्ष्मण का रोल कर रहा कलाकार पीछे हटता नजर आया। इसके बाद शूर्पणखा का अभिनय कर रहा कलाकार लोगों को बीच चला जाता है और वहां भी ठुमके लगाना शुरू कर देता है। कपूरथला में भी ऐसा वीडियो सामने आ चुका रामलीला मंचन के दौरान एक दिन पहले कपूरथला से भी ऐसा ही वीडियो सामने आ चुका है। इसमें भी डीजे पर फिल्मी गीत पर शूर्पणखा को ठुमके लगाते हुए देखा गया। इस वीडियो पर भी जब विवाद हुआ तो लोगों ने आपत्ति जताई। जिसके बाद कलाकारों ने खुद की गलती मानी।
