बरनाला जिले में साइबर धोखाधड़ी का एक नया मामला सामने आया है। जिले के डिप्टी कमिश्नर टी. बेनिथ के नाम से एक फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाई गई है। इस आईडी का उपयोग कर वियतनाम के एक नंबर से कई लोगों और सरकारी कर्मचारियों को संदिग्ध संदेश भेजे गए हैं। डिप्टी कमिश्नर टी. बेनिथ ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आईडी पूरी तरह से फर्जी है और उनका इससे कोई संबंध नहीं है। डीसी ने लोगों से ऐसे संदेशों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की जानकारी साझा न करने की अपील की। डीसी बेनिथ ने इसे एक गंभीर मामला बताया है। प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जी आईडी को किसने बनाया और कौन इसे संचालित कर रहा है। लगातार बढ़ रहे साइबर धोखाधड़ी के मामले डीसी बेनिथ ​​​​​​ने ​आश्वस्त किया कि दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस प्रकार की फर्जी आईडी और साइबर धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी अक्सर बड़े अधिकारियों और प्रतिष्ठित संस्थाओं के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने का प्रयास करते हैं। जिले के निवासियों से अपील की गई है कि यदि उन्हें ऐसा कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो वे तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचित करें। उन्हें किसी भी अनजान नंबर से आने वाले लिंक या संदेश पर क्लिक न करने की सलाह दी गई है। यह घटना डिजिटल युग में सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित करती है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

You missed