जगराओं में पुलिस ने नशे का कारोबार करने वाले दो दोस्तों को नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान जगराओं निवासी दीपू और आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर आगे की जांच की जा रही है। थाना सिटी के प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस रानी झांसी चौक पर गश्त के दौरान नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि आरोपी लंबे समय से इलाके में नशीली गोलियां बेच रहे हैं। आरोपी ग्राहक का इंतजार कर रहे थे सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों आरोपी कच्चा मलक रोड से कोठे खजूरा रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर नशीली गोलियों की सप्लाई देने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली, तो उनकी जेब से नशीली गोलियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
