लुधियाना के कांग्रेस नेता और पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर शाम सुंदर मल्होत्रा का वाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। साइबर ठग उनके अकाउंट से जुड़े लोगों को मैसेज भेजकर पैसे की मांग कर रहा है। उसने मल्होत्रा के कई करीबियों को मैसेज भेजे है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, ठग ने उनके कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव नंबरों पर मैसेज भेजकर 45 हजार रुपए ट्रांसफर करने को कहा। दैनिक भास्कर के पत्रकार को भी ऐसा ही मैसेज मिला, जिसमें लिखा गया-“45k ट्रांसफर कर सकते हैं, मेरा UPI काम नहीं कर रहा, किसी को पे करना है।” इसके बाद ठग ने एक QR कोड भी भेजा और नगमा खातून के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने को कहा। साथ ही 8240268621@ptyes UPI आईडी शेयर करते हुए ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भेजने की भी मांग की। जब पत्रकार ने पैसे ट्रांसफर नहीं किए तो ठग ने दोबारा मैसेज कर दबाव बनाया और लिखा-“डिलिवरी पर्सन पैसों के इंतजार में है, कितना समय लगेगा?” साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत मामले की जानकारी मिलते ही शाम सुंदर मल्होत्रा तुरंत थाना साइबर में शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों को ऐसे मैसेज से सावधान रहने की अपील की है।