जगराओं में पुलिस ने एक युवक को चोरी का ऑटो रिक्शा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह निवासी गांव शेखुपुरा, हाल निवासी गांव ढट्ट के रूप में हुई है। उस पर पहले भी चोरी और नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी का ऑटो बेचने के लिए जगराओं की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे रास्ते में ही दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया हुआ ऑटो बरामद कर लिया है। बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि एएसआई शमिंदरजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मलक चौक में नाका लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। बिना नंबर प्लेट का ऑटो ले जा रहा था आरोपी तभी उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी वाहन चोरी का आदी है और पहले भी जेल जा चुका है। सूचना में बताया गया था कि आरोपी अपने गांव ढट्ट से बिना नंबर प्लेट का चोरी किया हुआ ऑटो लेकर जीटी रोड के रास्ते जगराओं आ रहा है। पुलिस ने तुरंत अलीगढ़ चौक कोठे खजूरा रोड पर नाकाबंदी की और आरोपी को ऑटो सहित पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी लवप्रीत सिंह के खिलाफ थाना सिटी जगराओं में मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। पुलिस अब उससे आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा हुआ तो नहीं है।