उधार दिए रुपए मांगने पहुंचे युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। बुरी तरह झुलसे युवक को जिला हॉस्पिटल लाया गया। गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना सवाई माधोपुर जिले के एक गांव की है। मृतक लोकेश मीणा(28) निवासी भारजा नदी ने मरने से पहले पुलिस को बयान भी दिया है। इसमें 2 महिला समेत कुल 4 लोगों पर जलाकर मारने आरोप लगाया है। पुलिस को बयान देते समय युवक का एक वीडियो भी सामने आया है। मामले में थानाधिकारी का कहना है- एक युवक की पेट्रोल डालकर आग लगने से गंभीर झुलसने की सूचना मिली थी। उसे देर रात जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान आज दोपहर उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सही कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी। पहले देखिए गंभीर झुलसे युवक की 3 तस्वीरें युवक का दावा- उधारी के रुपए लेने पहुंचा था
मरने से पहले पुलिस को दिए बयान में लोकेश मीणा का दावा है कि एक ही परिवार के चार लोगों ने उससे करीब 8 लाख रुपए लिए थे। यह रकम टुकड़ों में दी गई थी। इस बीच सोमवार की शाम को जब वह रकम लेने दूसरे गांव स्थित आरोपियों के घर पहुंचा तो परिवार के लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी वहां खड़ी एक गाड़ी में से बोतल में पेट्रोल निकालकर लाए और उसके ऊपर डाल दिया। फिर माचिस की तिल्ली से उसके आग लगा दी। इसके बाद वह बचने के लिए इधर- उधर भागता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसका बचाव नहीं किया। उसके शरीर के पूरे कपड़े जल गए और वह गंभीर रूप से झुलस गया। जयपुर में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद कुछ लोग उसे लेकर सवाई माधोपुर जिला अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए लोकेश को जयपुर रेफर किया गया था। लेकिन बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक ने मरने से पहले दावा किया कि आरोपियों के परिवार में एक युवती से करीब 2 साल पहले उसकी शादी की बात चली थी, लेकिन युवक का सरकारी नौकरी में सिलेक्शन नहीं होने पर उसने शादी नहीं की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।