राजस्थान में कक्षा 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम मंगलवार दोपहर 1 बजे अजमेर में जारी किया गया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने ऑनलाइन रिजल्ट घोषित किया। इस बार दोनों कक्षाओं में 26 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनका कुल परिणाम 97% से ज्यादा रहा। कक्षा 5वीं का रिजल्ट 97.75% रहा, जो 8वीं के 97.01% से बेहतर रहा। 5वीं में 13,68,947 में से 13,33,936 और 8वीं में 12,86,220 में से 12,45,735 स्टूडेंट पास हुए। छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया, हालांकि 74 हजार स्टूडेंट सप्लीमेंट्री आए और साढ़े 6 हजार बच्चों के परिणाम रोके भी गए हैं। इधर, रिजल्ट जारी होने के बाद शाला दर्पण पोर्टल खुलने में कई जगह दिक्कत आ रही है। इस वजह से स्टूडेंट्स अपना रिजल्ट नहीं देख पा रहे हैं। B ग्रेड में सबसे ज्यादा प्रतिशत
5वीं और 8वीं बोर्ड के ग्रेड अनुसार रिजल्ट जारी किए गए हैं। A से E ग्रेड में 5वीं और 8वीं दोनों में B ग्रेड का प्रतिशत सबसे ज्यादा रहा है, जबकि दोनों कक्षाओं में सबसे कम प्रतिशत D ग्रेड श्रेणी का रहा है। 5वीं में B ग्रेड का रिजल्ट 54.60 प्रतिशत और 8वीं में 55.04 प्रतिशत रहा। वहीं 5वीं में D ग्रेड श्रेणी का परिणाम 0.01 प्रतिशत और 8वीं कक्षा में D ग्रेड श्रेणी का परिणाम 0.11 प्रतिशत रहा। इस बार भी छात्राओं ने किया अच्छा प्रदर्शन कक्षा 5वीं और 8वीं के परिणाम में दोनों कक्षाओं का कुल रिजल्ट 97% से अधिक रहा। 5वीं का परिणाम 97.75% रहा, जो 8वीं के 97.01% से थोड़ा बेहतर है। रिजल्टर में छात्राएं आगे रहीं। 5वीं में छात्राओं का परिणाम 97.94% और छात्रों का 97.59% रहा, वहीं 8वीं में छात्राओं ने 97.57% के साथ छात्रों (96.52%) से बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि बड़ी संख्या में छात्र पास हुए, फिर भी 5वीं के 30,640 और 8वीं के 38,276 विद्यार्थी सप्लीमेंट्री आए हैं। इसके अलावा 5वीं के 4,371 और 8वीं के 2,209 परिणाम रोके गए हैं। ये खबर भी पढ़ें… राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी:94.23 प्रतिशत रहा परिणाम, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट नहीं खुल रही