फजिल्का जिले में अबोहर के पास दीवानखेड़ा गांव में 40 साल से जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर चल रहा धरना खत्म हो गया है। गिदड़ांवाली टोल प्लाजा पर ग्रामीणों का यह विरोध प्रदर्शन एसडीएम के लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ। प्रशासन ने 15 मई तक सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का भरोसा दिया है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ और हलका इंचार्ज अरुण नारंग के पुतले फूंककर अपना रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे ट्र्रैफिक को पूरी तरह ठप कर देंगे। गिदड़ांवाली टोल प्लाजा फ्री करवाया गया था सरपंच सुनील कुमार के नेतृत्व में चल रहे इस धरने के कारण पिछले कई दिनों से गिदड़ांवाली टोल प्लाजा को टोल-फ्री कर दिया गया था। इससे सरकार को रोजाना लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा था। मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने अपना रुख और कड़ा करते हुए चक्का जाम का भी ऐलान किया था। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि चार दशकों से उनके गांव की मेन सड़क की मरम्मत नहीं की गई है, जिससे आवागमन और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। एसडीएम भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे थे प्रशासन के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश और चक्का जाम की चेतावनी के बाद मंगलवार को एसडीएम रविंद्र सिंह अरोड़ा भारी पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और प्रदर्शनकारी किसानों के साथ लंबी बातचीत की। एसडीएम के आश्वासन पर धरना खत्म एसडीएम अरोड़ा ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि दीवानखेड़ा सड़क के निर्माण में आ रही सभी बाधाएं दूर कर ली गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 मई तक मौके पर निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से शुरू करवा दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
