नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर DM गगनदीप रंधावा के सुसाइड केस से जुड़ी रही। जिसमें एक तरफ रंधावा का पोस्टमॉर्टम हुआ। दूसरी तरफ पूर्व AAP मंत्री की कोर्ट में पेशी हुई। CM भगवंत मान ने CBI जांच कराने से इनकार कर दिया। इसके अलावा सरकार ने भुल्लर के ट्रांसपोर्ट और जेल विभाग का भी दूसरे मंत्रियों में बंटवारा कर दिया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. CM मान बोले- शाह का नाम लेकर आदमी मरा, तब किसने रिजाइन किया पंजाब के अमृतसर में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस की जांच CBI को देने की बात पर CM भगवंत मान भड़क गए। चंडीगढ़ में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि अमित शाह और राजा वड़िंग पर भी आरोप लगाकर लोग मर गए। तब किसने रिजाइन किया और कौन गिरफ्तार हुआ? CBI जांच से इनकार करते हुए CM ने कहा कि मिनिस्टर का रिजाइन हो गया। उसे अरेस्ट कर लिया। चीफ सेक्रेटरी को जांच के आदेश दिए हैं। नियमों के मुबाबिक कार्रवाई होगी। हमारे लिए मंत्री-संतरी एक समान हैं। अगर में बराबर के एग्जाम्पल दूं तो हरियाणा का एडीजीपी (वाई पूरन कुमार) चंडीगढ़ में मरा था, उसकी जांच कौन सी सीबीआई को दी गई थी? उसमें सिर्फ डीजीपी की बदली कर निपटा दिया था। पटियाला में एक आदमी प्रेस के सामने पुल के नीचे बस स्टैंड के पास आग लगाकर मर गया। उसने कैप्टन अमरिंदर और भरतइंदर सिंह चहल का नाम लिया था। उसकी किस सीबीआई से जांच कराई और किसने इस्तीफा दिया था?। राजा वड़िंग का नाम लेकर एक फैमिली ने छलांग लगा दी थी। मां मर गई, बाप-बेटी बच गए। उस पर कौन सी सीबीआई जांच हुई, कौन सा इस्तीफा हुआ? एक आदमी सुनील कुमार अमित शाह का नाम लेकर मर गया था। उसमें शाह ने कब इस्तीफा दिया और कब जांच हुई? (पढ़ें पूरी खबर) 2. भुल्लर का चौथे दिन पोस्टमॉर्टम-अंतिम संस्कार AAP सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर पर आरोप लगा सुसाइड करने वाले वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप रंधावा का मंगलवार को पोस्टमॉर्टम हुआ। एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की निगरानी में डॉक्टरों की टीम ने साढ़े 4 घंटे तक पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम की पूरी वीडियोग्राफी हुई। हालांकि ये सामने नहीं आया कि उनके शरीर पर कोई चोट थी या नहीं, जैसे उनके परिवार ने आरोप लगाया था कि रंधावा के सिर पर पिस्टल के बट और कड़े से हमला किया गया था। इसके बाद रंधावा का चौथे दिन दुर्ग्याणा मंदिर के नजदीक स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान गमगीन माहौल में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। परिवार ने उन्हें लाल पगड़ी पहनाई। इस दौरान पत्नी एकटक निहारती रही। वहीं पूर्व मंत्री भुल्लर को अमृतसर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। हालांकि इसके बारे में पुलिस अधिकारियों ने खुलकर कुछ नहीं कहा। अमृतसर के DCP इन्वेस्टिगेशन रविंदरपाल सिंह ने पहले पेशी की बात कही लेकिन बाद में इससे इनकार कर दिया (पढ़ें पूरी खबर) 3. भुल्लर के विभाग चीमा और रवजोत को मिले
लालजीत भुल्लर के इस्तीफे के बाद AAP सरकार ने मंत्रियों के विभागों में फेरबदल कर दिया है। लालजीत भुल्लर के पास ट्रांसपोर्ट और जेल विभाग था। मंगलवार को हुए फेरबदल में भुल्लर का ट्रांसपोर्ट मंत्रालय वित्त मंत्री हरपाल चीमा को दे दिया गया है। भुल्लर के साथ चीमा ही इकलौते ऐसे मंत्री रहे, जिनके प्रमुख विभाग 4 साल में कभी नहीं बदले गए। अब ट्रांसपोर्ट विभाग के लिए भी चीमा पर ही भरोसा जताया गया है। इसके अलावा भुल्लर के पास जेल विभाग भी था। इसे अब मंत्री डॉ. रवजोत सिंह को दे दिया गया है। रवजोत सिंह पहले से NRI मामलों के मंत्री हैं। इससे पहले उनके पास निकाय विभाग भी था लेकिन बाद में उसे नए बनाए मंत्री संजीव अरोड़ा को दे दिया गया था। पंजाब में भगवंत मान सरकार (AAP) 16 मार्च 2022 को बनी। मंत्रियों के पदभार (पोर्टफोलियो) में अब तक (मार्च 2026 तक) कुल 9 बार बदलाव हुए हैं। इसमें कैबिनेट विस्तार, मंत्रियों का ड्रॉप/इस्तीफा, नए मंत्रियों का शामिल होना और विभागों का दोबारा बंटवारा शामिल है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. दंपती ने ठेकेदार हनीट्रैप में फंसाया, बैग में हिडन कैमरा लगा न्यूड VIDEO बनाया फतेहगढ़ साहिब में ब्यूटीपार्लर चलाने वाली 28 साल की ब्यूटीशियन हनीट्रैप की मास्टरमाइंड निकली। उसने 6 महीने पहले लव मैरिज की। इसके बाद हरियाणा के एक ठेकेदार को हनीट्रैप में फंसा लिया। उसने ठेकेदार को मोरनी हिल्स के होटल में रात बिताने के लिए बुलाया। वह वहां हैंडबैग में हिडन कैमरा फिट करके पहुंची। उसने इससे बेड पर ठेकेदार की न्यूड वीडियो शूट कर ली। हालांकि ठेकेदार को शक हो गया। उसने पर्स चेक किया और कैमरा तोड़ दिया लेकिन तब तक उसका पति घर में बैठकर वीडियो रिकॉर्ड कर चुका था। इसके बाद उन्होंने ठेकेदार से 50 लाख रुपए की डिमांड शुरू कर दी। पुलिस ने दंपती और उनके साथी को पकड़ा तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसमें पता चला कि ठेकेदार को डिमांड पूरी करने के लिए फोन कॉल्स और मैसेज आने लगे। इससे ठेकेदार परेशान हो गया। लगातार मिलती धमकियों के चलते वह कपल को 25 लाख रुपए देने को तैयार हो गया। मगर, आरोपी 35 लाख से कम में राजी नहीं हुए। जिसके बाद पुलिस ने ट्रैप लगाकर इन्हें पकड़ा। उनसे हिडन कैमरा, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक कार भी बरामद की गई है। 5. 1 अप्रैल से पानी-शराब, कम्युनिटी सेंटर महंगे होंगे चंडीगढ़ में 1 अप्रैल से लोगों की जेब पर ज्यादा बोझ पड़ने वाला है। पानी से लेकर कूड़ा उठाने तक के चार्ज बढ़ाए जा रहे हैं। वाटर टैरिफ में 5% बढोतरी होगी। सीवरेज का सेस भी बढेगा। इसके अलावा कम्युनिटी सेंटरों की बुकिंग भी महंगी होगी। इसमें कैटेगरी के हिसाब से कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग रेट बढ़ने हैं। पांच से दस प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि बुकिंग में हो जाएगी। 1 अप्रैल से नई आबकारी नीति भी लागू हो जाएगी। इसके बाद शराब के रेट भी नई नीति के हिसाब से ही लागू होने हैं। हालांकि शराब के रेट में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। केवल 2 प्रतिशत रेट ही बढ़ाने प्रस्तावित किए गए हैं। शराब के नए ठेकों का आवंटन होने के बाद पहली अप्रैल से यह शुरू हो जाएंगे। पहली अप्रैल से बूथ, शाप और नगर निगम की दूसरी संपत्ति के किराये में भी पांच से दस प्रतिशत की बढ़ोतरी हो जाएगी (पढ़ें पूरी खबर) 6. बुजुर्ग ने लात मारने वाले AAP MLA का दावा नकारा लुधियाना में एक बुजुर्ग को कार्यक्रम की स्टेज पर लात मारने के मामले में पीड़ित ने नाभा से AAP के MLA देव मान का दावा नकार दिया है। बुजुर्ग ने कहा कि वह स्टेज पर कलाकारों को रुपए देने के लिए गया था। मैंने कोई नशा नहीं किया था। MLA ने लात मारकर मुझे नीचे उतार दिया। मुझे किसी मुलाजिम ने नहीं रोका था। विधायक ने ही मंच से बाजू पकड़कर घसीटा। स्टेज से गिरने के बाद मुझे चोटें भी लगीं। पीड़ित संगरूर के रहने वाले कुलवंत सिंह हैं। उनका कहना है कि मैं भी AAP का वर्कर रहा हूं लेकिन अब AAP के नेताओं को गांव में नहीं घुसने दूंगा। इससे पहले MLA देव मान ने दावा किया था कि बुजुर्ग नशे में था। वह बार-बार स्टेज पर गाने के लिए चढ़ रहा था। यह बड़ी स्टेज थी, जिसमें सिर्फ इन्वाइट किए कलाकारों को ही मौका दिया गया था। इसी वजह से उसे नीचे उतारा गया। वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया। यह कार्यक्रम लुधियाना में पंजाबी सिंगर अमर सिंह चमकीला और अमरजोत कौर की 38वीं बरसी पर कराया गया था। इसी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विधायक देव मान बुजुर्ग को लात मारकर नीचे गिराते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद AAP नेताओं के बुजुर्गों के सम्मान को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे (पढ़ें पूरी खबर) 7. सोया पनीर में निकला बाल, कस्टमर का शॉप पर हंगामा जालंधर में सोया पनीर के अंदर बाल मिलने के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। जौहल मार्केट की सोया ट्रीट शॉप पर आए कस्टमर वनी ने कहा कि मैंने जब घर ले जाकर सोया पनीर की पैकिंग खोली तो उसके अंदर एक लंबा बाल फंसा हुआ था। यह देखकर मैं तुरंत दुकान पर पहुंचा। मैं इस इरादे से पहुंचा था कि कर्मचारी अपनी गलती मानेंगे लेकिन जब मैंने स्टाफ को सोया पनीर में मिला बाल दिखाया तो कर्मचारियों ने बहस शुरू कर दी। कस्टमर का आरोप है कि कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बदतमीजी की। इसी हंगामे के चलते वहां भीड़ जमा हो गई। उन्होंने दुकान के सारे सामान की जांच करने की मांग की। दुकान मालिक बलविंदर सिंह ने कहा- मैं पिछले 15 वर्षों से यह दुकान चला रहा हूं, लेकिन आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ। दुकान पर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह से निराधार हैं। मैंने ग्राहक को सामान लाकर दिखाने को कहा था, लेकिन उसने नहीं दिखाया। वह बहस करते हुए धमकी दे रहा था। ग्राहक सभ्य तरीके से बात कर सामान बदलने या रिफंड के लिए कहता तो गलती न होने पर भी उसे हर्जाना दिया जाता। (पढ़ें पूरी खबर) विदेश से 8. पंजाबी वकील को चलती कार में हार्ट अटैक, कनाडा में मौत फतेहगढ़ साहिब के एडवोकेट हर्शविंदर चीमा का कनाडा में निधन हो गया। वह 42 साल के थे। उन्हें हार्ट हटैक आया, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। चीमा की मौत की खबर मिलते ही फतेहगढ़ साहिब में उनके साथियों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि हर्षविंदर चीमा 3 साल पहले परिवार के साथ कनाडा चले गए थे। वह पत्नी और बच्चे के साथ वहीं रह रहे थे। कनाडा में कार चलाते वक्त उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। जिस वजह से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी आत्मिक शांति के लिए फतेहगढ़ साहिब कोर्ट कॉम्प्लेक्स में वकीलों ने शोक प्रस्ताव पारित कर नो वर्क डे रखा। एडवोकेट अमरदीप सिंह धारणी ने बताया कि हर्षविंदर सिंह चीमा एक मेहनती और मिलनसार अधिवक्ता थे, जिन्होंने फतेहगढ़ साहिब में लंबे समय तक वकालत की और अपनी पहचान बनाई। उनका अंतिम संस्कार कनाडा में ही होगा (पढ़ें पूरी खबर) 9. पत्नी ने बेटे से कराया पति का मर्डर, दूसरी शादी की थी लुधियाना के जगराओं में पत्नी ने बेटे से पति का मर्डर करा दिया। मृतक की यह दूसरी शादी थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक हरजिंदर की पहली पत्नी सरबजीत कौर की मौत हो गई थी। उससे एक बेटा हरकमल सिंह था, जो विदेश में रहता है। हरजिंदर ने मोगा की तरनजीत कौर से दूसरी शादी कर ली। जिससे बेटा जसकरन सिंह हुआ। दूसरी पत्नी को हरजिंदर की प्रॉपर्टी को लेकर लालच आ गया। वह पहली पत्नी के बेटे के बजाय अपने लिए सारी प्रॉपर्टी चाहती थी। इसलिए उसने बेटे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपी मां-बेटा अकसर हरजिंदर सिंह से झगड़ा कर घर छोड़कर चले जाते थे। कहीं और रहते थे। यह सब भी उनकी साजिश का हिस्सा था ताकि लोगों को लगे कि वह तो मरने वाले के साथ नहीं रहते थे। कत्ल से 10 दिन पहले भी उन्होंने ऐसा ही किया। इसके बाद 17 मार्च को बेटा जसकरन 2 दोस्तों, गुरप्रीत सिंह उर्फ काका और धरमिंदर सिंह के साथ मिलकर घर आया और पिता की हत्या कर दी। आरोपियों ने शक से बचने के लिए बुधवार को घर में रोने-बिलखने का नाटक भी किया था। आरोपियों पर शक तब हुआ, जब मृतक के भाई जगराज सिंह ने पुलिस को बताया कि मरने से पहले उसके भाई ने उन्हें बताया था कि उसका बेटा जसकरन सिंह उसका कोई नुकसान कर सकता है (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. हाईकोर्ट के वकील बोले- बंदरों से बचाओ चंडीगढ़ स्थित पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट परिसर में बंदरों का आतंक मचा है। इससे वहां वकील परेशान हैं। एक वकील नितिन सचदेवा ने हाईकोर्ट प्रशासन को ई-मेल के जरिए शिकायत दी है। उनकी मांग है कि बंदरों पर तुरंत कार्रवाई हो और परिसर की सुरक्षा बढ़ाई जाए। वकील का कहना है कि बंदरों से वकीलों, कोर्ट स्टाफ और आम लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। एडवोकेट ने कहा कि बंदर पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वह बैग व फाइल लेकर आने-जाने वालों पर हमला कर रहे हैं। कैंटीन व खुली जगहों पर बंदर लोगों के हाथों से खाने-पीने का सामान छीन रहे हैं। एडवोकेट ने समस्या के समाधान के लिए कुछ आसान सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि बंदरों को पकड़कर दूसरी जगह छोड़ा जाए। साथ ही लंगूर की आवाज निकालने वाले या बंदरों को संभालने वाले लोगों को तैनात किया जाए। इसके अलावा पार्किंग, एंट्री-एग्जिट, कैंटीन और गलियारों में बंदरों को रोकने के लिए जरूरी इंतजाम करने की भी मांग की गई है। (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
