अबोहर में भाजपा ने कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक संदीप जाखड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला फूंका और उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की। यह प्रदर्शन पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अमृतसर जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में हुआ, जिसमें रंधावा ने एक कथित वीडियो में मंत्री भुल्लर पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशों पर भाजपा उत्तर व दक्षिण मंडल ने आज अबोहर के बाजार नंबर 12 के मुख्य चौक पर यह विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। इस अवसर पर विधायक संदीप जाखड़ ने कहा कि पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान का नियंत्रण कमजोर होता दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली मंत्री खुद को कानून से ऊपर समझकर मनमर्जी कर रहे हैं। केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं, गहन जांच होनी चाहिए जाखड़ ने कड़ा रुख अपनाते हुए मांग की कि मंत्री को केवल पद से हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी गिरफ्तारी के बाद निष्पक्ष जांच भी की जानी चाहिए। विधायक जाखड़ ने मुख्यमंत्री के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी ‘कैश और फरमाइश’ के खिलाफ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अबोहर में भी इस ‘कैश और फरमाइश’ के खेल की गहन जांच करवाने की मांग की, क्योंकि उनके अनुसार यह खेल यहां जोरों पर जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल राजनीति का नहीं, बल्कि जवाबदेही और न्याय का मामला है। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पंजाब पुलिस ने समान रूप से कानून लागू नहीं किया और रसूखदारों को बचाया, तो जनता का अविश्वास और गहराएगा। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर शहर के चारों मंडल प्रधान सहित अनेकों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
