कोटा में हथियारों के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद किया गया हैं। पुलिस को शक है कि वो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा था। कार्रवाई आरकेपुरम थाना पुलिस ने की। एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना अधिकारियों को टीम बनाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को देखकर भागा था, पकड़ा गया पुलिस ने आरोपी प्रवीण कुमार उर्फ पवन निवासी हनुमान कच्ची बस्ती, थाना कुन्हाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरकेपुरम थाना प्रभारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान 21 मार्च को हाड़ी रानी सर्किल क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि एफसीआई गोदाम के पीछे एक युवक अवैध हथियार लेकर खड़ा है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद हुए। आरोपी लाइसेंस पेश नहीं कर सका, जिस पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।