बालोतरा शहर में ईद का पर्व शनिवार को मनाया गया। इस मौके नमाज में युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने हिस्सा लिया। सभी ने एक साथ सजदा कर देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। जामा मस्जिद के पेश इमाम अफरोज रजा की अगुवाई में नमाज अदा की गई। इस दौरान मोमीनों ने देश की तरक्की और भाईचारे की कामना की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान शहर में सौहार्दपूर्ण माहौल देखा गया। इस अवसर पर सांसद उम्मेदाराम बेनिवाल, पूर्व विधायक मदन प्रजापत, एएसपी हरफूल सिंह और ओम बांठिया सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को गले लगाकर ईद की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईद के अवसर पर बालोतरा में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
