चूरू शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आईफोन चोरी के एक मामले में पुलिस से उलझना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने भार्गव बस्ती स्थित एक पार्क के पास से दोनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। कोतवाली पुलिस के अनुसार सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत के आधार पर चोरी हुआ आईफोन ट्रेस किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम दुकानदार अमीर खान के पास पहुंची। अमीर खान ने बताया कि यह मोबाइल उसे मनीष और अजाज नामक युवकों ने दिया था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने संदिग्ध मनीष और उसके साथी अजाज की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भार्गव बस्ती स्थित एक पार्क के पास दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम मनीष निवासी भार्गव बस्ती और अजाज निवासी लुहारों का मोहल्ला बताया। वे पुलिस टीम से उलझने लगे और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके साथ ही उन्होंने दुकानदार अमीर खान को भी जान से मारने की धमकी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को बीएनएसएस की धारा के तहत शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।