कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित रायपुरा आवास योजना में एक युवक द्वारा अपने ही फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के भाई कमल सुमन ने बताया कि उसका छोटा भाई रामावतार सुमन पिछले 7–8 साल से रायपुरा आवास योजना में किराए के मकान में रह रहा था। वर्ष 2025 में उसका विवाह हुआ था, लेकिन कुछ समय से उसका किसी दूसरी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी उसकी पत्नी को लग गई थी, जिसके बाद करीब 4–5 दिन पहले पत्नी नाराज होकर अपने पीहर चली गई थी। भाई ने बताया कि वह रोज की तरह ड्यूटी पर जाने से पहले उसके कमरे पर गया था, लेकिन दरवाजा नहीं खुला तो उसने सोचा कि वह सो रहा होगा। अगले दिन जब पिता का फोन आया कि रामावतार फोन नहीं उठा रहा है, तब वह दोबारा कमरे पर पहुंचा। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो सोसाइटी के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो रामावतार पंखे से फंदे पर लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि दूसरी लड़की द्वारा दबाव बनाने और पैसों के लेनदेन के कारण वह मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। उद्योग नगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले में परिजनों की शिकायत ले ली गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
