जयपुर में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आज से शुरू हुई। उन्होंने कथा में आई महिलाओं को कहा- मेरा बाबा तुम्हारी सोने की चेन,मंगलसूत्र और कुंडल नहीं देखेगा। ये सब अपने रिश्तेदारों और सहेलियों को दिखाओ। भगवान शंकर को यह देखना पसंद नहीं है। वो तो स्वयं कुबेर है। उन्होंने कहा- श्रीमद्भागवत कथा, रामचरितमानस, विष्णु पुराण, अग्नि पुराण को सुना जाता है, पर शिव महापुराण को महसूस किया जाता है। आप (भक्त) कथा श्रवण करने के लिए नहीं बल्कि शिव से अपने मन की बात कहने के लिए पहुंचे हो। मेरा बाबा डायमंड है। उस डायमंड को लेकर घर जाना है। बता दें कि मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड पर कथा हो रही हैं। 7 दिन तक होने वाली कथा में शामिल होने प्रदेशभर से भक्त पहुंचे हैं। आज पहले दिन की कथा संपन्न हो गई है। कल (शनिवार) की कथा दोपहर 1 बजे से शुरू होगी। वहीं भीड़ का फायदा उठाकर आए कई चेन स्नैचर को आज पुलिस ने पकड़ा। देखिए, कथा स्थल की PHOTOS कथा की 4 बड़ी बातें 1- कथा स्थल पर 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और मनोज पांडे ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर करीब 4 लाख स्क्वायर फीट में वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है, जिसमें लगभग 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पिछले कई दिनों से 400 से ज्यादा कारीगर पांडाल और यज्ञशाला को तैयार करने में लगे हुए थे। भक्तों की सुविधा के लिए चिकित्सा, पेयजल, पार्किंग और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं। 2- प्रदेश भर से आए भक्त कथा को सुनने के लिए अलग-अलग जिलों से भक्त पहुंचे। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। कथा में भक्त भजनों पर झूमे। 3- भीड़ को देखते ट्रैफिक डायवर्ट मानसरोवर के वीटी रोड और अरावली मार्ग पर पार्किंग बंद कर दी गई है। वहीं शिप्रापथ रोड और मध्यम मार्ग पर भी सिर्फ तय जगहों पर ही पार्किंग की जा सकेगी। वीआईपी लोगों की गाड़ियों को सिर्फ अरावली मार्ग से ही एंट्री मिलेगी। लोगों को परेशानी न हो, इसलिए शिप्रापथ रोड, मध्यम मार्ग, वीटी रोड और अरावली मार्ग के बजाय न्यू सांगानेर रोड का इस्तेमाल करें। 4- चेन तोड़ने वाली गैंग पर रहेगी नजर कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस जाब्ता तैनात है। पुलिस की चेन तोड़ने वाली गैंग पर नजर हैं। आज भी गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

You missed