राजस्थान में भाजपा विधायक-सांसदों समेत 30 लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दे रही है। इन नेताओं को विपक्ष की ओर से खड़े किए गए नैरेटिव को तोड़ने, एआई और सोशल मीडिया के बेहतर इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके बाद एप के जरिए सभी का ऑनलाइन टेस्ट भी होगा। दरअसल, देश में भाजपा ने अपने कार्यकर्ता और नेताओं को ट्रेनिंग देने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 शुरू किया है। इस अभियान के तहत भाजपा ने देशभर में करोड़ों कार्यकर्ता और नेताओं को ट्रेनिंग देने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा है, जो मंडल स्तर पर शुरू हो गई है। ट्रेनिंग देने के लिए 857 वक्ताओं का चयन राजस्थान में भी यह अभियान चल रहा है। प्रदेश भाजपा इस अभियान के तहत करीब 30 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नेताओं को ट्रेनिंग देगी। ट्रेनिंग देने के लिए सीएम भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित 857 वक्ताओं का चयन किया गया है। वहीं, कांग्रेस सहित अन्य दल छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं और भाजपा पार्टी को न्यू जॉइन करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए भी विशेष ट्रेनिंग सेशन रखा गया है। नैरेटिव तोड़ने, एआई का बेहतर इस्तेमाल भाजपा के ट्रेनिंग कार्यक्रम में पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा की जानकारी देने के साथ-साथ विपक्ष की ओर से खड़े किए गए नैरेटिव को तोड़ने, एआई और सोशल मीडिया के बेहतर इस्तेमाल करने की ट्रेनिंग भी कार्यकर्ताओं को दी जा रही है। इसके साथ ही जिला स्तर के प्रशिक्षार्थियों के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने और पार्टी के लिए पॉजिटिव परसेप्शन बनाने जैसे विषयों को शामिल किया गया है। वहीं, प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों और नेताओं को भी 15 सत्रों में चुनाव प्रबंधन, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया और एआई के सही उपयोग सहित अन्य विषयों पर ट्रेनिंग दी जाएगी। सांसद-विधायक के लिए भी ट्रेनिंग जरूरी प्रदेश में प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक और प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने बताया- इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर पार्षद, प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक, सांसदों के साथ पार्टी पदाधिकारियों को भी ट्रेनिंग लेना जरूरी है। उन्होने बताया कि हर स्तर के ट्रेनिंग कार्यक्रम का रजिस्ट्रेशन पार्टी के सरल एप से होगा। वहीं, ट्रेनिंग के बाद सरल एप पर ही ऑनलाइन टेस्ट भी होगा। जिसे पास करने पर ट्रेनिंग सफलता पूर्वक पूरी करने का सर्टिफिकेट भी जारी किया जाएगा।