फरीदकोट में डिप्टी कमिश्नर के आदेशों के तहत एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के कमर्शियल इस्तेमाल को रोकने के लिए शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। जिला खाद्य व आपूर्ति अधिकारी(डीएफसी) गुरजीत सिंह दियोल के नेतृत्व में जिले के विभिन्न ढाबों और रेस्टोरेंट्स समेत 12 जगहों पर चेकिंग की गई। इस दौरान ढाबों और होटलों से इस्तेमाल किए जा रहे 20 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। हालांकि जांच के दौरान कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी नहीं पाई गई और न ही कोई व्यक्ति काला बाजारी करते हुए पकड़ा गया। ईरान-इजरायल युद्ध के चलते गैस की किल्लत चेकिंग के समय फ़ूड सप्लाई अफसर गुरचरण पाल ,निरीक्षक कुलवंत सिंह, हरजिंदर सिंह, प्रताप सिंह, हरिंदर सिंह और शशि शर्मा भी मौजूद रहे। बता दें कि ईरान-इजरायल युद्ध के चलते इन दिनों एलपीजी गैस को लेकर लोगों में हाहाकार मची हुई है और लोगो को कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई नहीं मिल रही। इसके अलावा घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई भी प्रभावित चल रही है। ऐसे में राज्य सरकार की हिदायत पर जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी की सप्लाई सुचारू रूप से चलाने के लिए टीम गठित की गई है। सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल करें होटल-ढाबा संचालक-डीएफसी इस मौके पर डीएफसी गुरजीत सिंह दियोल ने होटल और ढाबा संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने व्यावसायिक कार्यों के लिए केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल उपयोग प्रतिबंधित है। इसके साथ ही गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए गए कि वे उपभोक्ताओं को समय पर घरेलू गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की चेकिंग लगातार जारी रहेगी।
