झालावाड़ के अरोलिया और नेहरावद गांवों में जयपुर विद्युत वितरण निगम ने अवैध बिजली कनेक्शनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर खंभों से सीधे जुड़े ‘जुगाड़’ कनेक्शनों को हटाया। कार्रवाई के दौरान, लाइनमैन और जेईएन की उपस्थिति में टीम ने खंभों पर चढ़कर अवैध तारों को उतारा। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई। विभाग ने लगभग 60 अवैध कनेक्शन हटाए और संबंधित तार जब्त किए। निगम के जेईएन प्रदीप कुमार ने बताया कि भीलवाड़ी पावर हाउस के बावड़ीखेड़ा फीडर क्षेत्र में कुल बकाया राशि करीब 57 लाख 66 हजार रुपए है। इसमें से नियमित उपभोक्ताओं पर लगभग 2 लाख 35 हजार रुपए बकाया हैं।
अभियान के दौरान, मौके पर 30 से 35 हजार रुपए की वसूली भी की गई। बिजली बिल समय पर जमा नहीं कराने वाले 10 से 12 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। निगम अधिकारियों ने बताया कि इन उपभोक्ताओं को पहले ही शिविरों और नोटिस के माध्यम से सूचित किया जा चुका था। इस कार्रवाई में लाइनमैन अब्दुल रहीम, महावीर गुर्जर, वीरेंद्र सिंह झाला, ब्रजमोहन मीणा, घनश्याम और बगदू लाल सहित एफआरटी टीम के सदस्य शामिल रहे। विद्युत निगम ने चेतावनी दी है कि अवैध कनेक्शनों से न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि इनसे हादसों का खतरा भी बना रहता है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे विधिवत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। यह कार्रवाई मार्च माह में चल रहे निगम के वसूली अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शत-प्रतिशत बकाया राशि वसूल करना है।