पुष्पा गुजराल साइंस सिटी ने IKG पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी के सहयोग से 20वें स्थापना दिवस पर इनोटेक 2026 का आयोजन किया। कार्यक्रम में पंजाब के विभिन्न इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों के 400 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने आधुनिक तकनीकों पर आधारित अपने नवीन मॉडल प्रदर्शित किए। इस अवसर पर पुष्पा गुजराल साइंस सिटी के निदेशक डॉ. राजेश ग्रोवर ने नवाचार को देश के सतत विकास और प्रतिस्पर्धात्मकता की मुख्य प्रेरक शक्ति बताया। जटिल और महंगी प्रक्रियाओं को सरल और सस्ता बनाता है नवाचार डॉ. ग्रोवर ने कहा कि वैश्वीकरण के इस दौर में नवाचार जटिल और महंगी प्रक्रियाओं को सरल तथा सस्ता बनाता है, जिससे नए क्षेत्र, प्रौद्योगिकियां और अवसर पैदा होते हैं। यह देश के सतत विकास के लिए आवश्यक है। डॉ. ग्रोवर ने आगे कहा कि पंजाब के लोग, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के निवासी, अपनी नवाचार क्षमता और रचनात्मकता के लिए जाने जाते हैं। इसलिए, पंजाब के युवाओं के कौशल और कला को निखारने के लिए एक उपयुक्त मंच प्रदान करना समय की आवश्यकता है। प्रोफेशनल कॉलेजों के छात्रों को वर्किंग मॉडल तैयार करने का किया आह्वान युवा इंजीनियरों को संबोधित करते हुए साइंस सिटी के वैज्ञानिक-डी (इंजीनियरिंग) रितेश पाठक ने बताया कि यह कार्यक्रम हर साल प्रोफेशनल कॉलेजों के छात्रों को वर्किंग मॉडल तैयार करने और नवाचार व रचनात्मकता के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास नवप्रवर्तकों को अनौपचारिक स्तर पर उद्यमी बनने के अवसर प्रदान करने में सहायक होते हैं। छात्रों ने अपनी नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया इनोटेक 2026 में छात्रों ने अपनी नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के डॉ. बलविंदर सिंह सोच, आईकेजी पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी के डॉ. रमन कुमार और थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पटियाला के डॉ. विकास हांडा के विशेषज्ञ पैनल ने मॉडलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद परिणाम घोषित किए गए।