कोटा शहर के केशवपुरा क्षेत्र में हिंदू नववर्ष और विक्रम संवत 2083 के स्वागत को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर केशवपुरा सेक्टर 6 स्थित अपने निवास पर समाजसेवी डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने एक अनूठी पहल करते हुए करीब 25 फीट लंबी और जमीन से लगभग 61 फीट ऊंचाई पर विशाल भगवा पताका लहराई। यह पताका उनके घर की तीसरी मंजिल पर लगाई गई हैं। डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने बताया कि इतनी ऊंचाई और लंबाई की भगवा पताका राजस्थान में बहुत कम देखने को मिलती है और संभवत: यह अपने आप में एक अनूठा प्रयास है। पताका लहराते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और राह चलते लोग रुककर इस विशाल ध्वज को देखने लगे। कई लोगों ने श्रद्धा के साथ जय श्री राम के नारे भी लगाए। समाजसेवी डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने बताया कि विक्रम संवत 2083 के स्वागत को लेकर सनातन समाज में भारी उत्साह है और इसी के चलते घर-घर केसरिया झंडे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से बाहर निकलकर अपनी भारतीय और हिंदू परंपराओं के अनुसार नववर्ष मनाना चाहिए। इसी संदेश को लेकर उन्होंने अपने निवास पर यह विशाल भगवा ध्वज लगाया है। इस अवसर पर मिठाई बांटकर लोगों को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम में योगेश सुमन, भवानी शंकर सुमन, नरेंद्र नागर, पवन सुमन, राकेश खींची, मुकेश मालव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और सनातन प्रेमी मौजूद रहे।
