अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में नवजात को चोरी करने का मामला सामने आया है। शिशु की मां ने बताया कि 4 दिन पहले ही उसने बच्चे को जन्म दिया था। उसने कहा कि आज बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन इसी दौरान एक महिला बच्चे को उठाकर लेकर भाग गई। मां ने पुलिस को बताया कि यह उसका पहला बच्चा था और वह किसी भी तरह बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहती थी। वहीं अस्पताल के स्टाफ और अन्य लोगों के अनुसार, महिला ने बच्चे को अचानक उठाकर बाहर चली गई । घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. कर्मजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक यह पता नहीं चल सका कि महिला कौन थी, लेकिन शुरुआती जांच में हर पहलू की तफ्तीश की जा रही है। बच्चे की तलाश कर रही पुलिस पुलिस अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है और कहा है कि वे इस मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बच्चा चोरी करने वालों को पकड़ लिया जाएगा और बच्चे को सुरक्षित लौटाया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और वहां मौजूद लोगों के बयान भी जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस की लोगों से अपील यह घटना लोगों के बीच चिंता और भय का माहौल पैदा कर रही है। कई लोग इस बात पर हैरान हैं कि कोई अस्पताल जैसे सुरक्षित स्थान से बच्चे को उठा सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय कुछ देखा हो या किसी प्रकार की जानकारी हो, तो तुरंत सूचित करें।
