उदयपर के कुराबड़ थाने से महज 150 मीटर दूर मोहित ज्वेलर्स शॉप पर दो दिन पहले हुई चोरी की वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में पुलिस के ​प्रति अब खासा आक्रोश है। उन्होंने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े​ किए हैं। व्यापारियों ने कहा कि अगर पुलिस की रात में प्रभावी गश्त होती तो चोरी नहीं होती। दो से तीन घंटे तक चोर मुख्य सदर बाजार में हथियारों से लेस होकर घूमते रहे। पहले घर का दरवाजा तोड़ा। फिर मुख्य गेट से लेकर दुकान, तिजोरी, कमरे सहित 7 ताले तोड़े गए। इसके बाद कट्टों में 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना भरकर फरार हो गए। जबकि महज 150मीटर दूर कुराबड़ थाना है और एक कांस्टेबल तक गश्त पर नहीं था। इधर, पुलिस को अभी तक चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। बाजार में 2-3 घंटे हथियार लेकर बेखोफ घूमते रहे चोर: जयेश जैन
व्यापार मंडल उपाध्यक्ष जयेश जैन ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी से पता लगा कि चोर मुख्य बाजार में 2 से 3 घंटे बेखोफ घूम रहे थे। उनके हाथों में हथियार थे। रात में वे किसी को भी मार सकते थे। पीड़ित परिवार की तो जिंदगीभर की कमाई चली गई। पुलिस ने तीन दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। गिरफ्तारी नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन होगा। एसपी साहब से मिलकर मामले में कार्रवाई की मांग की जाएगी। मंदिर में भी 7 बार चोरी हुई, पुलिस क्यों नहीं पकड़ पाई?
पीड़ित अशोक सोनी के चाचा विष्णुलाल सोनी ने बताया कि पुलिस और उनकी गाडियां निजी स्वार्थ में व्यस्त हैं। ये छोटे-मोटे आदमी को डरा-धमकाते हैं। इससे पहले यहां एटीएम में लाखों की चोरी हुई। भेरूजी मंदिर में 7 बार चोरी हुई। जिसकी 3 बार रिपोर्ट मैने दर्ज कराई। आज तक इन चोरियों का खुलासा नहीं हुआ। चोरों को क्यों नहीं पकड़ पा रही पुलिस? वहीं, पीड़ित अशोक सोनी ने बताया कि मेरे घर के मुख्य गेट से लेकर अंदर दुकान, कमरे, तिजोरी आदि के 7 ताले तोड़े गए। बेखोफ होकर चोर घूमते रहे। पुलिस गश्त नहीं होने के कारण ही ये चोरी हुई।