राजस्थान में गैस की किल्लत को लेकर सोमवार को भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया। अलवर में NSUI के कार्यकर्ताओं ने नाले पर चूल्हा लगाकर गैस जलाने की कोशिश की। साथ ही एक पाइप नाले में डाला। इस दौरान कार्यकर्ता पीएम मोदी का मास्क लगाए नजर आए। चूरू में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग ने कहा कि क्यों झूठ फैलाकर मोदी का पुतला जला रहे हो। इतना सुनते ही कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हो गए और बुजुर्ग के साथ मारपीट कर दी। भीलवाड़ा में भी रैली निकालकर पीएम का पुतला जलाया गया। इस दौरान महिलाओं ने सड़क पर लकड़ी से चूल्हा जलाया। अलवर में NSUI ने सुबह 11.30 बजे आरआर कॉलेज सर्किल पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और रसोई गैस की किल्लत को लेकर केंद्र की नीतियों को फेल बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयान को बेतुका बताते हुए नाले में पाइप डालकर गैस जलाने का प्रयास किया और जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव दीनबंधु शर्मा ने कहा- होटल व ढाबों पर गैस की किल्लत जगजाहिर है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता परेशान है। बीजेपी के नेता बार-बार कह रहे हैं कि गैस की किल्लत नहीं है। कालाबाजारी के कारण 3 हजार रुपए में गैस लेने को मजबूर हैं। अलवर कलेक्टर ऑफिस में काम करने वाले एक कर्मचारी को भी गैस नहीं मिल पा रही है। 400 रुपए प्रति किलो में गैस खरीदनी पड़ रही
दीनबंधु शर्मा ने कहा- भिवाड़ी, नीमराणा सहित अनेक इंडस्ट्रियल एरिया में बाहर के मजदूर काम करते हैं। इनके पास गैस के कनेक्शन नहीं है। वे छोटे सिलेंडर से काम चलाते हैं। अब उनको 300 से 400 रुपए प्रति किलो में गैस खरीदनी पड़ रही है। यह सबके सामने है, फिर भी सरकार कुछ प्रयास नहीं कर रही है। अब भी अलवर शहर में गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगी है। बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। चूरू में कांग्रेसियों ने बुजुर्ग से की मारपीट
चूरू जिले के रतनगढ़ में सोमवार को घरेलू गैस सिलेंडरों के दामों हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस की ओर से घंटाघर के पास विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एक बुजुर्ग ने बोल दिया कि क्यों झूठ फैलाकर मोदी का पुतला जला रहे हो। इतना सुनते ही वहां मौजूद कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता गुस्सा हो गए। उन्होंने बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की की और मारपीट करने लगे। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने उसे छुड़ाया। भीलवाड़ा में कांग्रेस ने रैली निकाली
भीलवाड़ा में गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में देहात कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और भीलवाड़ा देहात जिलाध्यक्ष की अगुवाई में रैली निकाली। रैली भाजपा ऑफिस से कलेक्टर ऑफिस तक निकाली गई। यहां महिलाओं ने लकड़ी से चूल्हा जलाया। इसके बाद कलेक्टर ऑफिस के बाहर गैस के सिलेंडर के साथ विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका। अजमेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मौन सत्याग्रह
अजमेर में उत्तर विधानसभा के कांग्रेसियों की ओर से गांधी भवन पर धरना देकर मौन सत्याग्रह किया गया। इस दौरान गैस सिलेंडर की तीये की बैठक भी आयोजित की गई। यहां एक दिन पहले सिलेंडर की शव यात्रा निकाली गई थी। कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा- देश की जनता को गुमराह करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में आए हैं। आज पूरे देश की जनता ठगी हुई है। महंगाई बढ़ने लगी है। गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। देश की जनता के साथ जो वादे किए उन्हें आज तक पूरा नहीं किया गया। भाजपा की डबल इंजन सरकार को तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। झुंझुनूं के रेस्टोरेंट में लकड़ियां जलाकर बना रहे खाना
झुंझुनूं में बस स्टैंड इलाके, सीकर रोड और पीरू सिंह सर्किल का नजारा पिछले 2-3 दिनों में पूरी तरह बदल गया है। जिन ढाबों और रेस्टोरेंट पर गैस चूल्हे चलते थे, वहां अब लकड़ियों का ढेर नजर आने लगा है। दुकानदारों का कहना है कि कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई लगभग बंद है। जो स्टॉक था, वो खत्म हो चुका है। ऐसे में ग्राहकों को रोटियां और सब्जियां खिलाने के लिए लकड़ियां जलाकर चूल्हे पर खाना बना रहे हैं। सिलेंडर लेने वालों की लंबी कतारें दिखी
अलवर जिले के बहादुरपुर नगरपालिका से 3 किलोमीटर दूर चिकानी गांव में स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने वालों की लंबी कतारें देखी गईं। इस दौरान सिलेंडर की लाइन लगी नजर आई। यह एजेंसी हाईवे पर स्थित है। एजेंसी प्रबंधन ने बताया- यहां सिलेंडर रोजाना उपलब्ध हैं। हालांकि, ग्राहकों की अनावश्यक भीड़ के कारण सिलेंडर वितरण में परेशानी हो रही है। ये भी पढ़ें… राजस्थान में किराना स्टोर-मैकेनिक शॉप पर बिक रहे सिलेंडर:स्टूडेंट-मजदूर बनकर पहुंचा रिपोर्टर, 3 गुना कीमत, बोले- 10 क्या 20 सिलेंडर ले लो 10 क्या 20 सिलेंडर दे दूंगा…जितने चाहिए हों बता देना….सिलेंडर का तो पूरा गोदाम भरा रखा है अपने पास’ दैनिक भास्कर के खुफिया कैमरे पर ब्लैक में LPG सिलेंडर की डील करता ये शख्स गैस एजेंसियों का दलाल है। देशभर में भले ही LPG की मारामारी है, लेकिन राजस्थान में इन दलालों के पास स्टॉक की कोई कमी नहीं है। ये ‘जमाखोर’ कई गुना दामों में LPG सिलेंडर बेच रहे हैं। किराना स्टोर से लेकर मैकेनिक शॉप में धड़ल्ले से सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। (पूरी खबर पढ़ें)
