डीडवाना शहर के पीएमश्री सोन देवी बांगड़ गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। यह शिविर 14 से 20 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा का संदेश देंगे। शिविर का उद्घाटन यूसीईईओ श्रवण कुमार मण्डा और संस्था प्रधान पवन कुमार शर्मा ने किया। अतिथियों ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए एनएसएस के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनएसएस का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करना और उनमें समाज सेवा की भावना विकसित करना है। अतिथियों ने युवाओं से राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान भी किया। उद्घाटन सत्र के बाद शिविर की गतिविधियों की शुरुआत हुई। स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया और साफ-सफाई की। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्कूल के बगीचे में पौधों की निराई-गुड़ाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर प्रिंसिपल श्रुति पारीक, कार्यक्रम अधिकारी अंजू वर्मा, कन्हैयालाल बलाई, पृथ्वीराज चौहान, किरण कंवर और बसंत चौधरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में विभिन्न बौद्धिक सत्र, जागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक सेवा से जुड़ी अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
