उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने शुक्रवार को बूंदी के बालचंदपाड़ा स्थित जिला आयुर्वेद अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना के तहत भर्ती दूरदराज से आए रोगियों से उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। डॉ. बैरवा ने चिकित्सालय के पंचकर्म विशिष्टता केंद्र का भी दौरा किया। उन्होंने चिकित्सालय प्रभारी और पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुशवाह से प्रदान की जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अधिकतम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत’ के विजन के तहत राज्य सरकार आयुर्वेद चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को अधिकतम स्वास्थ्य राहत प्रदान करना है। उन्होंने जानकारी दी कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 2000 आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्र विकसित किए जा चुके हैं। इस वर्ष के बजट में एलोपैथी की तर्ज पर आयुष चिकित्सालयों में भी ‘मां’ (MAA) योजना शुरू की गई है, जिससे आयुष उपचार भी इस योजना के दायरे में आ गया है। डॉ. बैरवा ने बताया कि इस वर्ष आयुष मिशन के तहत दूदू और बूंदी में 12-12 करोड़ रुपए की लागत से 30 बिस्तरों वाले एकीकृत आयुष चिकित्सालय स्थापित किए जाएंगे। इन नए अस्पतालों से आमजन को और अधिक स्वास्थ्य लाभ मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रंगी, पूर्व प्रवक्ता संजय लाठी, पार्षद आशीष शर्मा, अमित निंबार्क, संजय भूटानी और प्रमोद माहेश्वरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।